धार में 20 अक्टूबर को दो स्थानों पर रावण दहन की तैयारी, कहीं नारी शक्ति का संदेश तो कहीं जल संरक्षण और स्वच्छता की सीख | 48 साल से सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल पेश कर रही सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति
धार। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा इस बार धार में खास आकर्षण के साथ मनाया जाएगा। शहर के नौगांव स्थित किला मैदान में 51 फीट ऊंचा रावण चारों दिशाओं में घूमता नजर आएगा। वहीं, दशहरा मैदान में नगर पालिका की ओर से 51 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। दोनों स्थानों पर 20 अक्टूबर को होने वाले आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कहीं रावण के पुतले को आकार दिया जा रहा है तो कहीं मैदान की सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। आतिशबाजी दोनों आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
चारों तरफ घूमेगा रावण, हर दिशा से दिखेगा दहन
नौगांव के किला मैदान में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति इस बार दर्शकों के लिए खास इंतजाम कर रही है। समिति के संयोजक भगत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में 51 फीट ऊंचा रावण तैयार किया जा रहा है। राऊ के कलाकार पुतले का निर्माण कर रहे हैं। इसकी खासियत यह होगी कि रावण का पुतला 360 डिग्री तक घूम सकेगा, जिससे मैदान में मौजूद दर्शक अलग-अलग दिशाओं से रावण दहन का नजारा देख सकेंगे। इसके साथ आकर्षक आतिशबाजी होगी। भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की वानर सेना भी आयोजन में पहुंचेगी। मैदान को व्यवस्थित करने के साथ गाजर घास हटाने और साफ-सफाई का काम जारी है।
48 साल से कायम है सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल
सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति का यह 48वां वर्ष है। समिति की खासियत यह है कि आयोजन में हर वर्ग के लोग मिलकर सहयोग करते हैं। संयोजक भगत सिंह चौहान के नेतृत्व में समिति ने वर्षों से सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सद्भाव की परंपरा कायम रखी है। आयोजन को राजनीति से दूर रखते हुए शहर के प्रतिष्ठित नागरिक भी इससे जुड़े हैं। दशहरा उत्सव में हर साल धार शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
समिति इस बार नारी शक्ति के सम्मान का संदेश भी देगी। आयोजन के मुख्य अतिथि जयप्रकाश आर्य होंगे, जबकि योगेंद्र सिंह बुंदेला अध्यक्षता करेंगे। संरक्षक पर्वत सिंह चौहान और कुलदीप सिंह बुंदेला ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी मनोज चौहान ने दी।
दशहरा मैदान में राम-लक्ष्मण-हनुमान की झांकी, शाम 7 बजे दहन
शहर के दशहरा मैदान में नगर पालिका की ओर से 51 फीट ऊंचा रावण बनाया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा महेश बोडाने के अनुसार, रावण दहन से पहले मैदान में आतिशबाजी की जाएगी। हिंदू उत्सव समिति की ओर से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी के साथ जुलूस भी मैदान पहुंचेगा। शाम 7 बजे रावण दहन होगा। इस बार आयोजन के माध्यम से जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। नगर पालिका मैदान की व्यवस्थाएं सुधारने और जंगली घास की कटाई में जुटी है।
दोनों आयोजनों में आतिशबाजी रहेगी आकर्षण
किला मैदान और दशहरा मैदान में दर्शकों के लिए आतिशबाजी की विशेष तैयारी की जा रही है। आयोजकों का प्रयास है कि रावण दहन से पहले होने वाला आतिशबाजी का प्रदर्शन लोगों को आकर्षित करे। किला मैदान में बच्चों को ध्यान में रखकर भी विशेष आतिशबाजी की व्यवस्था की जाएगी। दोनों स्थानों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि दशहरे पर शहरवासियों को उत्सव का यादगार अनुभव मिल सके।