दशहरे से पहले इंदौर में सजा रावण बाजार, 5 फीट से लेकर विशाल पुतलों तक की मांग; कच्चा माल महंगा होने से लागत 25% बढ़ी
इंदौर। दशहरे से पहले इंदौर में रावण का बाजार सज गया है। कहीं 5 फीट के रावण की मांग है तो कहीं 55 फीट के विशाल पुतले तैयार किए जा रहे हैं। महंगाई ने कारीगरों की लागत जरूर बढ़ा दी है, लेकिन रावण के पुतलों के ऑर्डर में उत्साह बरकरार है। पीढ़ियों से इस परंपरा को निभा रहे कारीगर इन दिनों दिन-रात पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
रावण निर्माण का काम दशहरे से करीब डेढ़ महीने पहले शुरू हो जाता है। बांस और बल्लियों से ढांचा तैयार करने के बाद घास, कपड़े और अन्य सामग्री से पुतलों को आकर्षक रूप दिया जाता है। बड़े पुतलों की कीमत 60 से 70 हजार रुपए तक पहुंच रही है।
महंगाई की मार, लागत में 25% तक इजाफा
कारीगरों के मुताबिक, बांस, बल्लियों और दूसरे कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से इस बार पुतले बनाने की लागत करीब 25 प्रतिशत बढ़ गई है। इसके बावजूद बाजार में मांग बनी हुई है।
रावण निर्माता शशिकांत राउत ने बताया कि उनके परिवार में पिछले 35 वर्षों से रावण बनाने का काम हो रहा है। वे खुद 14 वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। इस बार उनके पास करीब 100 पुतले बनाने के ऑर्डर हैं।
कई परिवारों की आजीविका का सहारा
पहले गिने-चुने परिवार ही रावण बनाते थे, लेकिन अब इंदौर के कई इलाकों में यह कारोबार फैल चुका है। इससे अनेक परिवारों को रोजगार मिल रहा है। कच्चा माल महंगा होने और प्रतिस्पर्धा बढ़ने से मुनाफा प्रभावित हुआ है, फिर भी कारीगरों को उम्मीद है कि दशहरा नजदीक आते ही बिक्री में तेजी आएगी।