13 लाख का भुगतान हो चुका था,बाकी बिल और सिक्योरिटी राशि लौटाने के एवज में मांग रहा था घूस; पुनासा के नर्मदा विकास संभाग कार्यालय में कार्रवाई
खंडवा/इंदौर। नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28, पुनासा के कार्यालय में बुधवार को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोप है कि ठेकेदार से लंबित भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने के बदले 55 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
लोकायुक्त के अनुसार खरगोन जिले के धूलवाड़ा निवासी ठेकेदार लखन राठौर ने 10 सितंबर को शिकायत की थी। उसने वर्ष 2024 में पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष निर्माण का ठेका लिया था। काम पूरा करने के बाद भुगतान के लिए बिल जमा किए गए थे। ठेकेदार को करीब 13 लाख रुपए का भुगतान मिल चुका था, जबकि कुछ राशि और सिक्योरिटी डिपॉजिट बाकी थी।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद बुधवार को लोकायुक्त ने जाल बिछाया। टीम ने तकनीकी कक्ष में उपयंत्री अशोक गौतम को ठेकेदार से 14 हजार रुपए लेते पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम ने की। लोकायुक्त अधिकारियों ने कहा कि रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर आमजन सीधे लोकायुक्त पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
फ़ोटो एआई द्वारा निर्मित