बीमार बेटे का इलाज कराने पहुंची थी मां, वीडियो वायरल होने पर जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा; नर्स, सफाई एजेंसी और अस्पताल प्रबंधक को नोटिस
दमोह। बीमार बेटे का इलाज कराने अस्पताल पहुंची 58 वर्षीय मां को ही फर्श पर पोछा लगाना पड़ा। दमोह जिला अस्पताल की इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो साझा कर सरकार को घेरा और अस्पतालों में सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, तेजगढ़ क्षेत्र के सिमरिया गांव की महिला डायरिया पीड़ित बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि फर्श पर गंदगी होने के कारण ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने बुजुर्ग महिला से पोछा लगवाया। वीडियो में महिला खुद फर्श साफ करती दिखाई दे रही है। हालांकि, घटना करीब दो-तीन साल पुरानी बताई जा रही है।
सफाई के नाम पर हर महीने 8 लाख का भुगतान
जिला अस्पताल में आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से 55 सफाईकर्मी तैनात हैं। इनमें 52 कर्मचारी और तीन सुपरवाइजर शामिल हैं। सफाई व्यवस्था के लिए एजेंसी को हर महीने करीब आठ लाख रुपये का भुगतान किया जाता है। इसके बावजूद मरीज के परिजन से सफाई कराने का मामला सामने आने से व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पटवारी ने पूछा- सफाईकर्मियों की कमी या बजट में गड़बड़ी?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लाचारी की इंतहा बताते हुए सवाल किया कि जब अस्पताल में सफाईकर्मी तैनात हैं और सफाई के लिए नियमित भुगतान हो रहा है, तो मरीजों के परिजनों को फर्श साफ क्यों करना पड़ रहा है? क्या कर्मचारियों की कमी है या सफाई का बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है?
नर्स, एजेंसी और प्रबंधक को नोटिस
सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर, सफाई एजेंसी और सहायक अस्पताल प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल: सफाई के नाम पर हर महीने लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि मरीज की बुजुर्ग मां को पोछा लगाना पड़े, तो जिम्मेदार कौन है? अब जांच के नतीजों और जवाबदेही तय होने का इंतजार है।