← वापस
भोपाल

5,935 वनरक्षकों की भर्ती का दूसरा पड़ाव तय,23 से फिजिकल टेस्ट  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
5,935 वनरक्षकों की भर्ती का दूसरा पड़ाव तय,23 से फिजिकल टेस्ट

 

दस्तावेज सत्यापन के साथ पैदल चाल परीक्षा; 8 जिलों में तीन दिन चलेगी प्रक्रिया, हर अभ्यर्थी का होगा बायोमीट्रिक सत्यापन

भोपाल। मध्यप्रदेश में 5,935 वनरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। कर्मचारी चयन मंडल की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक माप, शारीरिक दक्षता और पैदल चाल परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह प्रक्रिया 23 से 25 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग वनमंडलों में आयोजित होगी।

जिन जिलों में 200 से अधिक अभ्यर्थी हैं,वहां तीनों दिन परीक्षण होगा। इनमें छतरपुर, ग्वालियर,भिंड, मुरैना,रीवा, सतना,सागर और शिवपुरी शामिल हैं। इन जिलों में 23,24 और 25 अक्टूबर को दस्तावेज सत्यापन के साथ फिजिकल और पैदल चाल परीक्षा कराई जाएगी। अन्य जिलों में प्रक्रिया 23 और 24 अक्टूबर को पूरी होगी।

  वन विभाग ने नए जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भी स्थिति स्पष्ट की है। स्वतंत्र वनमंडल नहीं होने के कारण मऊगंज के अभ्यर्थियों का परीक्षण रीवा और आगर मालवा के अभ्यर्थियों का शाजापुर में होगा। वहीं कम संख्या होने के कारण पांढुर्णा के अभ्यर्थियों को छिंदवाड़ा वनमंडल में परीक्षा देनी होगी। नए बने जिलों के अन्य अभ्यर्थियों को अपने मूल पुराने जिले में ही परीक्षण के लिए जाना होगा।

    भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सभी अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा। शारीरिक माप के दौरान यदि किसी उम्मीदवार को अपनी हाइट या चेस्ट माप पर आपत्ति होगी, तो वह मौके पर ही अपील कर सकेगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित कार्यक्रम और संबंधित वनमंडल की जानकारी के अनुसार समय पर पहुंचने को कहा है।

खबरें और भी हैं...