इंदौर।छह महीने के लिए जिला बदर किए गए आदतन अपराधी हारून उर्फ हसन रंगीला को रावजी बाजार पुलिस ने चंपाबाग स्थित उसके घर के पास से पकड़ लिया। आरोपी पर इंदौर सहित आसपास के जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश था,इसके बावजूद वह शहर में मिला। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर वह गिर गया,जिससे उसके दाएं हाथ के पंजे में चोट आई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक,45 वर्षीय हारून उर्फ हसन रंगीला, निवासी 35 चंपाबाग,के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने 23 सितंबर 2026 को छह महीने के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया था। उसे इंदौर के साथ उज्जैन,देवास, धार और खरगोन की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे।
21अक्टूबर को सूचना मिलने पर रावजी बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 310/26, धारा 14 मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।