← वापस
धार

65 लाख वेतन, 2.41 करोड़ की संपत्ति! सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा!  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
65 लाख वेतन, 2.41 करोड़ की संपत्ति! सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा!

 

20 साल की नौकरी में आय से 271% अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप; आलीशान मकान, कृषि भूमि, जेसीबी, ट्रैक्टर और कारें मिलीं, एक और बेनामी भवन की जांच जारी

धार। सरकारी नौकरी में रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में लोकायुक्त इंदौर ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। धार जिले की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के सोड़पुर, नालछा और मांडव स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। करीब 20 साल की नौकरी में प्रबंधक को अनुमानित 65 लाख रुपए वेतन मिला, जबकि शुरुआती जांच में 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति और खर्च सामने आए हैं। लोकायुक्त के अनुसार यह उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।

    जांच में सोड़पुर में 1520 वर्गमीटर भूखंड पर करीब 2400 वर्गफीट में बना दो मंजिला आलीशान मकान मिला है। जमीन खरीदने और भवन निर्माण पर करीब 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। वहीं नालछा में मांडव रोड स्थित सोड़पुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन भी मिला, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।

  पत्नी के नाम पर जमीन,घर में जेसीबी और ट्रैक्टर

प्रबंधक की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर सोड़पुर में 0.645 हेक्टेयर और मांडव में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी मिली है। इनकी अनुमानित कीमत क्रमश: 8 लाख और 42 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा जेसीबी,महिंद्रा ट्रैक्टर,महिंद्रा टीयूवी,ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरणों पर करीब 53 लाख रुपए खर्च होना सामने आया है।

    लोकायुक्त को एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा ठिकानों पर मिले ट्रैक्टर, ट्रॉली और कृषि यंत्रों के स्वामित्व तथा कीमत का सत्यापन किया जा रहा है।

     महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन और एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। डीएसपी आनंद चौहान सहित निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया की अलग-अलग टीमें दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं...