क्राइम ब्रांच ने अकरम खान को दबोचा; 70 किलो एमडी और 13.03 लाख नकदी वाले केस में था फरार, महाराष्ट्र में भी दर्ज है गंभीर केस
इंदौर। वर्ष 2021 के बहुचर्चित 70 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स बरामदगी मामले में पांच साल से वांछित आरोपी अकरम खान को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 70 किलो मेफेड्रोन की डील और 13.03 लाख रुपए नकदी बरामदगी वाले प्रकरण में संलिप्तता का आरोप है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार 6 जनवरी 2021 को अवैध मादक पदार्थों की डील के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा था। मौके से 70 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी कीमत करीब 70 करोड़ रुपए और 13 लाख 3 हजार 650 रुपए नकद बरामद किए गए थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान अकरम खान का नाम सामने आया था और वह तभी से वांछित था। क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नासिक निवासी 40 वर्षीय अकरम स्क्रैप का काम करता है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई नाका थाने में लूट और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज है।
पुलिस आरोपी से ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर,आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।