‘आर्टिकल 370’ सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, ‘श्रीकांत’ सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म
नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। वर्ष 2024 में प्रदर्शित फिल्मों और कलाकारों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को विजेताओं के नाम सार्वजनिक किए गए। इस बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ तथा ममूटी को मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए संयुक्त रूप से दिया गया है। वहीं फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में प्रभावशाली अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।
‘आर्टिकल 370’ सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुनी गई
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान ‘आर्टिकल 370’ को मिला, जबकि ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म चुना गया। हिंदी सिनेमा पर गहन और गंभीर लेखन के लिए संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आनंद एल राय सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
निर्देशन के क्षेत्र में आनंद एल राय को फिल्म ‘एकता का प्रतीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान मिला। सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार फिल्म ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान ‘महाराजा’ की सचना नामिदास को दिया गया। बाल कलाकारों की श्रेणी में ‘ओंको की कोठी’ के लिए रिद्धिमान बनर्जी, तपोमोय देब और गीताश्री चक्रवर्ती को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।
शाश्वत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार
संगीत और तकनीकी श्रेणियों में भी कई चर्चित फिल्मों ने पुरस्कार अपने नाम किए। ‘आर्टिकल 370’ के लिए शाश्वत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिला। ‘जाने दो’ गीत के लिए मनोज मुंतशिर को सर्वश्रेष्ठ गीतकार चुना गया। मलयालम फिल्म के गीत के लिए वैकोम विजयलक्ष्मी को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका तथा मराठी गीत के लिए अभय जोधपुरकर को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार मिला।
सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशक विजय गांगुली
‘स्त्री 2’ के लोकप्रिय गीत ‘आज की रात’ के लिए विजय गांगुली को सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशन का सम्मान दिया गया। ‘कमेटी कुल्लु’ के लिए पी रवि कुमार को सर्वश्रेष्ठ मेकअप कलाकार, ‘पुष्पा 2’ के लिए दीपावली नूर और शीतल शर्मा को सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा तथा ‘कल्कि 2898 एडी’ के लिए नितिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन का पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ संपादन का सम्मान मानवीर जसरोइतिया को, जबकि ‘भूल भुलैया 3’ को सर्वश्रेष्ठ ध्वनि संयोजन का पुरस्कार मिला। ‘पुष्पा 2’ के लिए बांद्रेड्डी सुकुमार को सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक और ‘लकी भास्कर’ के लिए वेंकी एटलुरी को सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखक चुना गया। ‘लाइफ इन लूम’ के लिए एडमॉड को सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार मिला।
तेलुगू फिल्म ‘कमेटी कुल्लु’ सर्वश्रेष्ठ
भाषाई फिल्मों की श्रेणी में ‘कमेटी कुल्लु’ को सर्वश्रेष्ठ तेलुगू फिल्म, ‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म, ‘मुक्काम पोस्ट बोंबिलवाडी’ को सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म, ‘लहरी’ को सर्वश्रेष्ठ ओड़िया फिल्म, ‘फेमिनिची फातिमा’ को सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म, ‘मिथिया’ को सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म, ‘मारान’ को सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म, ‘ढोली’ को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म, ‘चलचित्र एखोन’ को सर्वश्रेष्ठ बंगाली फिल्म, ‘जुईफूल’ को सर्वश्रेष्ठ असमिया फिल्म और ‘सुनिता’ को सर्वश्रेष्ठ मणिपुरी फिल्म का पुरस्कार मिला।
विशेष उल्लेख की श्रेणी में हिंदी फिल्म ‘चोला डोरा’ और ‘सुई’ तथा मलयालम फिल्म ‘भद्रा काली नाटकम’ को सम्मानित किया गया। मराठी फिल्म ‘हमसफर’ को सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार मिला।
‘भंगार’ सर्वश्रेष्ठ गैर फीचर फिल्म
गैर फीचर फिल्मों में मराठी-अंग्रेजी फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर फीचर फिल्म चुना गया। ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र, ‘मैं निदा’ को कला एवं संस्कृति पर आधारित सर्वश्रेष्ठ फिल्म तथा ‘काकोरी’ को सर्वश्रेष्ठ ऐतिहासिक फिल्म का पुरस्कार मिला। रवि राज मुर्मू को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का सम्मान प्रदान किया गया।
इस वर्ष राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए केवल उन फिल्मों पर विचार किया गया जिन्हें 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणन प्राप्त हुआ था। विजेताओं के चयन की जिम्मेदारी 11 सदस्यीय निर्णायक मंडल को सौंपी गई थी। इस समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ फिल्म निर्माता जयराज ने की। देशभर से प्राप्त फिल्मों का विस्तृत मूल्यांकन करने के बाद निर्णायकों ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के नाम अंतिम रूप दिए।