प्रदेश के 1.22 लाख मेधावी विद्यार्थियों के खातों में 1 सितंबर को 305 करोड़ रुपए से अधिक की राशि होगी ट्रांसफर
इंदौर। कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर को 1.22 लाख विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि अंतरित करेंगे। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में यह राशि विद्यार्थियों को दी जाएगी।
प्रदेश सरकार की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस वर्ष करीब 1 लाख 22 हजार विद्यार्थी योजना का लाभ पाएंगे।
कुल 304.98 करोड़ रुपए से अधिक होंगे जारी
सरकार द्वारा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपए के हिसाब से कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा। योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आधुनिक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है।
लैपटॉप मिलने से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और कौशल विकास में भी मददगार साबित होगी।