तीन साल से गुम फोन भी खोज निकाले; 260 मोबाइल एसपी कार्यालय में बांटे, 233 थानों के जरिए लौटाए
सीहोर। सालों पहले गुम हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब पुलिस ने उनके फोन लौटाए। सीहोर पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 493 गुम मोबाइल खोज निकाले हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 78 लाख रुपए है। नवरात्रि पर पुलिस ने मोबाइल धारकों को फोन लौटाकर उपहार दिया।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल और जिले के सभी थानों की टीमों ने मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 260 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, जबकि 233 मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से लौटाए गए।
खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल में तीन साल पहले गुम हुए फोन भी शामिल हैं। मोबाइल खोजने में साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक सुशील कुमार साल्वे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह राजपूत, आरक्षक अभिषेक चौहान, तरुण राठौर, अर्पित गुप्ता और जितेन्द्र राजपूत सहित विभिन्न थानों की विशेष टीमों की अहम भूमिका रही।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।