दाल से रोटी-सब्जी तक गुणवत्ता की ऑनलाइन मॉनिटरिंग; करीब एक दशक बाद उप-जेलों में फिर घर से सामान मंगाने की सुविधा
भोपाल। मध्यप्रदेश की जेलों में बंदियों के भोजन की गुणवत्ता पर अब तकनीक से निगरानी की तैयारी है। जेल विभाग करीब 8 करोड़ रुपए की योजना के तहत भोजन व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसके जरिए जेलों में तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता से लेकर उसे बनाने की प्रक्रिया तक की मुख्यालय स्तर से ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी।
जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर के मुताबिक प्रस्तावित व्यवस्था में यह देखा जाएगा कि भोजन में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। सिस्टम में दाल की गुणवत्ता से लेकर रोटी और सब्जी के पकने तक की प्रक्रिया पर नजर रखने की योजना है। विभाग का दावा है कि जेलों की भोजन व्यवस्था में इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल देश में पहली बार किए जाने की तैयारी है।
मुख्यालय से होगी लगातार निगरानी
फिलहाल भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों के निरीक्षण और निर्धारित प्रक्रियाओं पर निर्भरता रहती है। नई व्यवस्था में निगरानी को तकनीकी और लगातार बनाए जाने की तैयारी है। एआई आधारित सिस्टम के जरिए भोजन तैयार होने से जुड़ी जानकारी मुख्यालय तक पहुंचाई जाएगी। इससे निर्धारित मात्रा, गुणवत्ता या पकाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आने पर उसे समय रहते चिन्हित करने में मदद मिलेगी।
8 करोड़ से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
योजना में एआई आधारित निगरानी तकनीक के साथ जरूरी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाना प्रस्तावित है। विभाग का उद्देश्य जेलों की भोजन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। भोजन की गुणवत्ता को बंदियों के स्वास्थ्य और जेल व्यवस्था से सीधे जुड़ा विषय माना गया है।
पेयजल के लिए भी 2 करोड़ की परियोजना
जेलों में भोजन व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी काम चल रहा है। जेल महानिदेशक के अनुसार प्रदेश की सभी जेलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करीब 2 करोड़ रुपए की परियोजना मंजूर हो चुकी है और काम शुरू हो गया है।
2016 के बाद बंद थी सुविधा, अब फिर घर से आएगा सामान
भोपाल जेल कांड के बाद वर्ष 2016 में बंदियों के लिए घर से खाने-पीने की वस्तुएं मंगवाने की सुविधा बंद कर दी गई थी। करीब एक दशक बाद इसे प्रदेश की सभी उप-जेलों में फिर शुरू किया गया है। अब बंदी हर 15 दिन में घर से अचार, नमकीन जैसी निर्धारित खाद्य वस्तुएं मंगा सकेंगे। इसके लिए विभाग द्वारा तय नियम और वस्तुओं की सूची लागू होगी।
सुरक्षा जांच के बाद ही सामान की एंट्री
घर से आने वाली प्रत्येक वस्तु की जेल प्रशासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत जांच होगी। प्रतिबंधित या संदिग्ध सामग्री को जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विभाग का उद्देश्य सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।