'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रेवती रेंज में होगा आयोजन, इस साल 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
इंदौर। शहर 9 अगस्त को हरियाली का नया इतिहास रचने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत इंदौर की रेवती रेंज में एक साथ एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस विशेष आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष मुख्य रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा इंदौर नगर और ग्रामीण इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव,विधायक मालिनी गौड़, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा,नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा,पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और मधु वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दो वर्ष पहले इसी अभियान के तहत लगाए गए पौधे आज घने और हरे-भरे वृक्ष बन चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के संकल्प की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को होने वाला पौधारोपण अभियान इंदौर को हरियाली की दिशा में नई पहचान देगा।
बैठक में इस वर्ष जिले में 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान के तहत करीब 8 फीट ऊंचाई के पौधे लगाए जाएंगे, ताकि उनकी जीवित रहने की संभावना अधिक हो और वे जल्द विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।