'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर होगा सामूहिक गायन, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शांति मार्च और श्रद्धांजलि सभा
धार। स्वतंत्रता दिवस से पहले धार जिला देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए अनेक जन-जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन ने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों, नगरीय निकायों और आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
अभियान के दौरान तिरंगा यात्रा, बाइक और साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रदर्शनी, कला प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी, पत्र लेखन प्रतियोगिता, तिरंगा मेला और देशभक्ति संगीत कार्यक्रम जैसे आयोजन किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय स्वयं सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस वर्ष राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन कराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान 'जन गण मन' प्रस्तुत किया जाएगा और प्रत्येक आयोजन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया या प्रदर्शित किया जाएगा।
14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर शांति मार्च, श्रद्धांजलि सभा, चित्र प्रदर्शनी तथा विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा करने जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की है।