यूडीआईडी कार्ड के बावजूद परिचालक ने वसूले पूरे 75 रुपए, हटा-दमोह मार्ग पर सरकारी रियायत की अनदेखी का आरोप
दमोह/हटा। मध्यप्रदेश में दिव्यांग यात्रियों को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान है, लेकिन हटा-दमोह मार्ग पर इसके पालन पर सवाल खड़े हो गए हैं। तालगांव निवासी अशोक पटेल ने मां वैष्णो देवी बस सर्विस के परिचालक पर छूट नहीं देने का आरोप लगाया है।
अशोक के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे हटा से दमोह जाते समय परिचालक ने उनसे 75 रुपए पूरा किराया वसूला। उन्होंने 90 प्रतिशत लोकोमोटर दिव्यांगता दर्शाने वाला यूडीआईडी कार्ड भी दिखाया, लेकिन रियायत नहीं मिली।
अशोक पटेल ने बस संचालक और परिवहन विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल बस संचालक और परिचालक का पक्ष सामने नहीं आया है।