← वापस
मध्यप्रदेश

आग में घिरे सिलेंडर को विधायक ने बाहर निकाला, 265 बच्चों की जान पर मंडरा रहा खतरा टला  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आग में घिरे सिलेंडर को विधायक ने बाहर निकाला, 265 बच्चों की जान पर मंडरा रहा खतरा टला

 

हरदा/टिमरनी। प्राथमिक शाला खुदिया में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के एक हिस्से में आग लग गई। आग की चपेट में गैस सिलेंडर भी आ गया। स्कूल में उस समय करीब 265 बच्चे मौजूद थे। सिलेंडर के लगातार गर्म होने से संभावित विस्फोट का खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही टिमरनी विधायक अभिजीत शाह मौके पर पहुंचे।

      हालात की गंभीरता देखते हुए विधायक स्वयं आग और धुएं के बीच जलते हिस्से में पहुंचे और जोखिम उठाकर गैस सिलेंडर को खींचकर सुरक्षित स्थान पर बाहर ले आए। सिलेंडर के बाहर निकलते ही सबसे बड़ा खतरा टल गया। इसके बाद अग्निशामक यंत्र और पानी की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए।

    कुछ मिनट की देरी पड़ सकती थी भारी

   आग की लपटों के बीच सिलेंडर के फटने की आशंका से स्कूल में मौजूद बच्चों और आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई थी। समय रहते सिलेंडर बाहर निकाल लिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। सभी 265 बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं। घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

    बोले विधायक- सामने बच्चे थे, अपनी जान की चिंता नहीं की

      विधायक अभिजीत शाह ने कहा, “उस समय यह नहीं सोचा कि मेरे साथ क्या हो सकता है। सामने स्कूल के बच्चे थे और मन में सिर्फ यही था कि किसी भी बच्चे को कुछ नहीं होना चाहिए।”

     घटना ने एक बार फिर स्कूलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और रसोई में रखे गैस सिलेंडरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इस घटना में समय रहते सिलेंडर हटाए जाने से 265 बच्चों पर मंडरा रहा संभावित बड़ा खतरा टल गया।

खबरें और भी हैं...