सतिंदर सरताज के कार्यक्रम और सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक पदयात्रा के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव; बसों के लिए अलग मार्ग, पार्किंग स्थल तय
इंदौर। आज शुक्रवार, 30 अक्टूबर को शहर में दो बड़े आयोजनों के चलते यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। खालसा स्टेडियम में गायक डॉ. सतिंदर सरताज के कार्यक्रम और सुभाष नगर से पाटनीपुरा चौराहे तक होने वाली पदयात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि बाहर से आने वाली बसों के लिए अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालकों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही रवाना हों।
शाम 4 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री
खालसा स्टेडियम (गंगवाल चौराहा) पर डॉ. सतिंदर सरताज के कार्यक्रम के चलते शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक गंगवाल चौराहे की ओर भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चंदन नगर, वायरलेस चौराहा, बड़ा गणपति और महूनाका की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों से प्रवेश नहीं मिलेगा। राजमोहल्ला से गंगवाल चौराहा, शिवानी होटल तिराहे और चंदन नगर से रामकृष्ण बाग होकर आने वाले चारपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा।
यहां खड़े करें वाहन:
राजमोहल्ला की ओर से आने वाले वाहन वैष्णव कॉलेज ग्राउंड में और महूनाका की ओर से आने वाले वाहन शिवानी होटल के पास प्रहलाद नगर स्थित खाली मैदान में पार्क कर सकेंगे।
महूनाका से बड़ा गणपति जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते
महूनाका से बड़ा गणपति जाने वाले वाहन बियाबानी, मालगंज, लोहार पट्टी और टोरी कॉर्नर होकर जा सकेंगे। दूसरा विकल्प लोहार पट्टी और भारत माता मंदिर तिराहे से कैलाश मार्ग होकर जाने का रहेगा। चंदन नगर से आने वाले वाहन कालानी नगर चौराहे से दाएं मुड़कर राजनगर कॉलोनी मार्ग का उपयोग करें।
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भंवरकुआं, पलासिया, एबी रोड, विजय नगर, लवकुश और सुपर कॉरिडोर होकर जाने की सलाह दी गई है। यात्रियों से पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की गई है।
सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक पदयात्रा, बसों के लिए अलग व्यवस्था
आज सुबह 10 बजे सुभाष नगर से पाटनीपुरा चौराहे तक होने वाली पदयात्रा के लिए भी यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। देपालपुर, पीथमपुर, महू और धार से आने वाली बसें डीआरपी ग्राउंड से भंडारी ब्रिज होकर सुभाष नगर पहुंचेंगी। यात्रियों को उतारने के बाद बसें हुकुमचंद मिल, कुलकर्णी का भट्टा और बंसी प्रेस पार्किंग में खड़ी होंगी।
उज्जैन,देवास और खुड़ैल से आने वाली बसें चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे से सफेद मंदिर होकर कनकेश्वरी मैदान पहुंचेंगी। यात्रियों को उतारने के बाद बसें कनकेश्वरी मैदान और आईटीआई कॉलेज मैदान में पार्क की जाएंगी।
इन रास्तों से निकलें वाहन चालक
लेन्टर्न चौराहे से रसोमा जाने वाले वाहन इंडस्ट्री हाउस और एलआईजी चौराहे होकर जा सकेंगे। भंडारी ब्रिज से इलायची की ओर जाने वाले वाहन डीआरपी लाइन, राजकुमार ब्रिज और लेन्टर्न चौराहे वाला वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
बापट चौराहे से परदेशीपुरा होकर जाने के बजाय वाहन कनकेश्वरी मंदिर, डमरू उस्ताद चौराहा, भागीरथपुरा चौकी और भागीरथपुरा तिराहे से आवागमन कर सकेंगे। विजय नगर और सयाजी चौराहे से पाटनीपुरा जाने वाले वाहन विजय नगर, रसोमा और एमआर-09 मार्ग का उपयोग करें।
एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को छूट
यातायात पुलिस ने नागरिकों से आयोजन स्थलों के आसपास अनावश्यक वाहन लेकर नहीं जाने, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को प्रतिबंधों से छूट रहेगी।