← वापस
दमोह

आजादी के मंच पर भ्रष्टाचार के आरोप, प्राचार्य विवाद ने पकड़ा तूल  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
आजादी के मंच पर भ्रष्टाचार के आरोप, प्राचार्य विवाद ने पकड़ा तूल

 

पटेरा एक्सीलेंस स्कूल में 15 अगस्त समारोह के दौरान पूर्व प्रभारी प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप, वीडियो वायरल; डीईओ बोले- जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई

     दमोह/पटेरा। जिस मंच से स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति, शहीदों और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जाना था, वही मंच शनिवार को स्कूल के अंदर चल रहे प्राचार्य पद के विवाद का गवाह बन गया। पटेरा के शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में 15 अगस्त समारोह के दौरान पूर्व प्रभारी प्राचार्य वंदना गुप्ता ने वर्तमान प्रभारी प्राचार्य कमलेश शर्मा पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया है।

    वायरल वीडियो में पूर्व प्रभारी प्राचार्य विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान प्रभारी प्राचार्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने वरिष्ठता को दरकिनार कर पैसे के दम पर प्राचार्य बनने जैसे आरोप भी लगाए। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों की ओर से तालियां बजने की आवाज भी सुनाई देती है। बाद में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को रोकने का प्रयास किया।

      पांच दिन पहले बदला था प्रभार

जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया के आदेश के बाद करीब पांच दिन पहले ही वंदना गुप्ता को प्राचार्य के प्रभार से हटाकर कमलेश शर्मा को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया था। विभागीय आदेश में कार्यशैली, प्रशासनिक लापरवाही, रद्दी बिक्री, ऑनलाइन उपस्थिति, नामांकन और सीएम हेल्पलाइन से संबंधित मामलों का उल्लेख किया गया था। प्रभार बदलने के बाद से ही स्कूल में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

      14 अगस्त को थाने में दिया था आवेदन

प्रभारी प्राचार्य कमलेश शर्मा के अनुसार उन्हें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान विवाद की आशंका पहले से थी। इसी वजह से उन्होंने 14 अगस्त को पटेरा थाने में आवेदन देकर कार्यक्रम के दौरान पुलिस व्यवस्था की मांग की थी। उनका आरोप है कि प्रभार संभालने के बाद उन्हें कार्यालय में बैठने और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

     बोले- राष्ट्रीय पर्व के मंच पर आरोप लगाना गलत

मंच से लगाए गए आरोपों पर कमलेश शर्मा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे गरिमामय राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सामने इस तरह के गंभीर आरोप लगाए जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे आरोपों से आहत हैं और मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी, सागर संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कलेक्टर से करेंगे।

       अब जांच पर टिकी नजर

जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया ने वायरल वीडियो और शिकायत को गंभीरता से लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। ऐसे में अब विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर है।

खबरें और भी हैं...