← वापस
मध्यप्रदेश

आलीराजपुर स्टेशन पहुंचे वडोदरा DRM, यात्री सुविधाओं से लेकर रेलवे कॉलोनी तक का लिया जायजा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आलीराजपुर स्टेशन पहुंचे वडोदरा DRM, यात्री सुविधाओं से लेकर रेलवे कॉलोनी तक का लिया जायजा!

 

157 किमी लंबी छोटा उदेपुर-धार रेल परियोजना के बीच निरीक्षण से मचा हलचल; पेयजल,सफाई, प्रतीक्षालय और सुरक्षा व्यवस्था की खामियां जल्द दूर करने के निर्देश

आलीराजपुर।छोटा उदेपुर-धार रेल परियोजना के तहत आदिवासी अंचल में रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के डीआरएम राजू भड़के आलीराजपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने आलीराजपुर-प्रतापनगर रेलखंड के वार्षिक निरीक्षण के दौरान स्टेशन से लेकर रेलवे कॉलोनी तक व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में लापरवाही नहीं बरतने और सामने आई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

     डीआरएम ने स्टेशन के प्रवेश मार्ग और परिसर का निरीक्षण कर आवागमन व्यवस्था, साफ-सफाई और अतिक्रमण की स्थिति देखी। इसके बाद पेयजल, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे कॉलोनी पहुंचकर रेल कर्मचारियों के आवास और वहां उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके साथ ही सिग्नलिंग प्रणाली और रेल परिचालन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की तकनीकी जांच की गई। निरीक्षण में वडोदरा मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी भी मौजूद रहे।

     157 किमी की रेललाइन से बदल रही आदिवासी अंचल की तस्वीर

     छोटा उदेपुर-धार रेल परियोजना गुजरात और मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। कुल 157 किलोमीटर लंबी इस रेललाइन के तहत आलीराजपुर पहले ही रेल संपर्क से जुड़ चुका है। हाल ही में जोबट से आगे डेकाकुंड होते हुए धार जिले की सीमा में टांडा रोड तक 15.77 किलोमीटर के नए रेलखंड पर परिचालन शुरू हुआ है। इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

     डीआरएम ने यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। निरीक्षण के बाद अब स्थानीय लोगों की निगाहें रेलवे की अगली कार्रवाई पर हैं। खासकर आलीराजपुर स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार और वडोदरा-प्रतापनगर से बेहतर रेल संपर्क की उम्मीद बढ़ गई है।

खबरें और भी हैं...