← वापस
इंदौर

आरई-2 की बाधाएं हटाने पहुंचे 200 निगमकर्मी, पथराव के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आरई-2 की बाधाएं हटाने पहुंचे 200 निगमकर्मी, पथराव के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां!

जेसीबी के आगे लेट गईं महिलाएं, छतों पर चढ़कर कार्रवाई रोकने की कोशिश; कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

इंदौर। बिचौली क्षेत्र में आरई-2 सड़क निर्माण की राह में आ रहे मकानों को हटाने पहुंची नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम को मंगलवार सुबह भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं और कुछ महिलाएं कच्चे मकानों की छतों पर चढ़कर कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगीं। इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा और कई लोगों को वाहनों में बैठाकर थाने भेजा।

  नगर निगम का करीब 200 कर्मचारियों का दल और 150 से अधिक पुलिसकर्मी व महिला पुलिसकर्मी सुबह करीब 6 बजे कई जेसीबी, पोकलेन, वाहन और अन्य संसाधनों के साथ बिचौली क्षेत्र पहुंचा। अग्रवाल पब्लिक स्कूल और जूडियक मॉल के पास से बिचौली कांकड़ तक आरई-2 सड़क की राह में आ रही 100 से अधिक बाधाओं को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर एसडीएम घनश्याम धनगर, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, प्रखर सिंह,सत्येंद्र राजपूत,वैभव देवलासे सहित अधिकारी मौजूद रहे।

  कार्रवाई शुरू होते ही बस्तियों में अफरा-तफरी मच गई। कई रहवासी घरों से सामान निकालकर सड़क किनारे रखने लगे। महिलाएं अधिकारियों से कुछ समय देने की गुहार लगाती रहीं। कुछ महिलाओं ने छतों पर चढ़कर विरोध किया। महिला पुलिस और नगर निगम की महिला टीम ने उन्हें नीचे उतारा।

आरई-2 की बाधाएं हटाने पहुंचे 200 निगमकर्मी, पथराव के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां! - 3

    छोटे घर,बड़े परिवार की परेशानी पर विरोध

रहवासियों का कहना था कि बड़े परिवारों को भी केवल एक-एक आवास दिया जा रहा है, जो पर्याप्त नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर कई परिवारों में नाराजगी थी। कुछ स्थानों पर निगम कर्मचारियों और युवकों के बीच विवाद और हाथापाई की स्थिति भी बनी। पुलिस ने कुछ युवकों को पकड़कर वाहनों में बैठाया।

   आरई-2 की बाधाएं हटाने पहुंचे 200 निगमकर्मी, पथराव के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां! - 2

पथराव के बाद बदला माहौल

कार्रवाई के अंतिम दौर में बस्ती के लोगों की भीड़ फिर जुट गई। महिलाएं जेसीबी और पोकलेन के सामने खड़ी हो गईं। इसी दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठियां भांजीं और भीड़ को हटाया। कार्रवाई के लिए पहले ही पांच पोकलेन मशीनें मौके पर पहुंचा दी गई थीं।

नगर निगम और पुलिस का भारी अमला,एंबुलेंस, दमकल वाहन, जेसीबी,पोकलेन और बड़ी संख्या में वाहन देखकर पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आया। अधिकारियों के अनुसार आरई-2 की शेष बाधाएं भी चरणबद्ध तरीके से हटाई जाएंगी। शिवनगर, शिवदर्शन नगर सहित अन्य हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों में कार्रवाई शुरू होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...