← वापस
मध्यप्रदेश

आरटीओ की कथित वसूली से परेशान ट्रक ड्राइवर ने हाईवे पर लगाया जाम, 8 किमी तक वाहनों की कतार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आरटीओ की कथित वसूली से परेशान ट्रक ड्राइवर ने हाईवे पर लगाया जाम, 8 किमी तक वाहनों की कतार

 

मंडला। जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बीजाडांडी थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के पास आरटीओ की कथित वसूली के विरोध में ट्रक ड्राइवरों ने हंगामा कर दिया। एक ट्रक चालक ने अपना वाहन सड़क पर आड़ा खड़ा कर दिया, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर करीब 8 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।

      दो घंटे से जाम, एंबुलेंस भी फंसी

   जानकारी के मुताबिक करीब दो घंटे से हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। ट्रक, यात्री बसों और अन्य वाहनों के साथ एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके के वीडियो और तस्वीरों में बड़ी संख्या में वाहन कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

ड्राइवरों का आरोप- चेकिंग के नाम पर वसूली और मारपीट

ट्रक ड्राइवरों ने आरटीओ कर्मचारियों पर चेकिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली करने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। ड्राइवरों का कहना है कि पहले भी वसूली को लेकर उनके साथ मारपीट की जाती रही है। इसी से नाराज होकर उन्होंने हाईवे पर विरोध जताया।

सूचना मिलने पर बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ड्राइवरों से बातचीत कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यातायात बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, आरटीओ कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

खबरें और भी हैं...