← वापस
इंदौर

आस्था भी, पर्यावरण भी... मिट्टी के गणेश का कुंड में विसर्जन  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आस्था भी, पर्यावरण भी... मिट्टी के गणेश का कुंड में विसर्जन

 

शहर में 100 से ज्यादा स्थानों पर निगम की व्यवस्था, जवाहर टेकरी पर विधि-विधान से शुरू हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन

इंदौर। गणेश उत्सव के बीच इंदौर में आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिखाई दे रहा है। नगर निगम ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में 100 से अधिक स्थानों पर व्यवस्थाएं की हैं। पर्यावरण और जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर पर्यावरण हितैषी कुंड बनाए गए हैं, जहां नागरिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन कर श्रद्धापूर्वक विसर्जन कर रहे हैं।

निगम का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना है। नागरिकों को भी निर्धारित कुंडों में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निगम अधिकारियों का कहना है कि मिट्टी की प्रतिमाओं का कुंड में विसर्जन करने से जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

जवाहर टेकरी पर विधि-विधान से शुरू हुआ विसर्जन

शहर के विभिन्न स्थानों से एकत्रित की गई गणेश प्रतिमाओं का शुक्रवार को जवाहर टेकरी स्थित विसर्जन स्थल पर विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन के बाद विसर्जन शुरू किया गया। प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने गणेश प्रतिमा का पूजन कर इंदौर की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय भविष्य की कामना की। इसके बाद विसर्जन प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

     आस्था भी, पर्यावरण भी... मिट्टी के गणेश का कुंड में विसर्जन

  - 2

निगम ने जवाहर टेकरी पर प्रतिमाओं के सुरक्षित और ससम्मान विसर्जन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। यहां हाइड्रोनिक प्लेटफॉर्म सहित अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों से एकत्रित प्रतिमाओं को व्यवस्थित तरीके से विसर्जन स्थल तक पहुंचाया जा रहा है।

     श्री गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया और जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ ने नागरिकों से पर्यावरण हितैषी कुंडों का उपयोग करने की अपील की है।

  इस दौरान महापौर परिषद सदस्य अश्विनी शुक्ल, निरंजन सिंह चौहान, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, आशीष सिंह, अभय राजनगांवकर, मनोज पाठक, वर्कशॉप प्रभारी मनीष पांडे सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...