← वापस
दमोह

आस्था की भीड़ में जेबों पर डाका, इंदौर-धार-जबलपुर के 11 आरोपी गिरफ्तार!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आस्था की भीड़ में जेबों पर डाका, इंदौर-धार-जबलपुर के 11 आरोपी गिरफ्तार!

 

बागेश्वर धाम की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में सक्रिय थे चोर गिरोह; 80 हजार रुपए नकद और दो कारें जब्त, अन्य वारदातों की भी जांच

दमोह। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में श्रद्धालु आस्था में डूबे थे, इसी भीड़ में जेबकतरे उनकी जेबें साफ करने में जुटे थे। शिकायतें मिलते ही दमोह पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में जबलपुर, इंदौर और धार जिले के निवासी शामिल हैं।

भीड़ को बनाया निशाना, कारों से पहुंचे थे आरोपी

हटा और पटेरा थाना पुलिस के मुताबिक, रथयात्रा के दौरान मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं के पर्स से नकदी चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। हटा में गौरीशंकर मंदिर परिसर स्थित दद्दा कला मंच के सामने दो श्रद्धालुओं के पर्स चोरी हुए थे। एक पर्स में 6,650 रुपए और दूसरे में दुकान की बिक्री के 4,800 रुपए रखे थे। जांच के दौरान स्लेटी रंग की इनोवा कार में घूम रहे पांच संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में 10,600 रुपए नकद और दस्तावेज मिले। पुलिस ने करीब 15 लाख रुपए कीमत की इनोवा भी जब्त की।

इंदौर से पहुंचे छह आरोपी, 70 हजार की चोरी कबूली

पटेरा थाना पुलिस ने साइबर टीम की मदद से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार से इंदौर से दमोह पहुंचे थे। पूछताछ में सात से आठ लोगों की जेब से करीब 70 हजार रुपए चोरी करने की बात सामने आई। पुलिस ने नकदी के साथ वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की।

हटा में गिरफ्तार आरोपी: प्रतीक पटेल, सुल्तान अंसारी, बसील गोलू, जलील अहमद और सिरातल खान, सभी जबलपुर निवासी हैं।

पटेरा में गिरफ्तार आरोपी: मोहन तंवर राजपूत (मनावर, धार), मनोहर जायसवाल (पंढरीनाथ क्षेत्र), कमल प्रजापत (लसूड़िया), राजू गौड़ (हीरानगर), अजय बड़ौदे (भंवरकुआं) और राकेश परमार (कनाड़िया रोड), सभी इंदौर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

दूसरे स्थानों पर हुई चोरियों की भी जांच

कार्रवाई हटा एसडीओपी के.पी. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी और पटेरा थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब सिमरिया, अमानगंज सहित अन्य स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। देहात थाना पुलिस भी कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

खबरें और भी हैं...