इंदौर। शहर के पूर्वी क्षेत्र के आशीष नगर में पानी की टंकी का भूमि पूजन विधायक महेंद्र हार्डिया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम के जल कार्य प्रभारी ने किया। 35 लाख लीटर क्षमता वाली इस टंकी इस की लागत 11 करोड़ रुपए है। इस टंकी के बनने से बाईपास तक की कई कॉलोनियों को आसानी से पानी मिल सकेगा। इसके लिए 27 किलोमीटर लंबाई की पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
इस टंकी के बन जाने से क्षेत्र में पानी की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। इस मौके पर विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि यह क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत थी, आज उसी के निराकरण करने का प्रयास शुरू किया गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस टंकी के निर्माण लिए वार्ड 50 के पार्षद राजीव जैन के प्रयासों के को सफल बताया। उन्होंने कहा कि राजीव जैन इसके लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। यह टंकी केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत बनाई जा रही है। शहर में ऐसी 40 टंकी बनाई जा रही है और यह टंकी इसी योजना का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि यह टंकी जल्द से जल्द बने, यह प्रयास होंगे। महापौर ने इस साल अल्पवर्षा की स्थिति से निपटने के लिए जल संरक्षण के उपाय अपनाने और जितना भी संभव हो, पानी बचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वक्ताओं ने पार्षद राजीव जैन और भाजपा कार्यकर्ता राजेश शिवले के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अधिकांश कॉलोनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।