← वापस
इंदौर

आठवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, प्रेमी हिरासत में; शराब पार्टी के बाद हुआ हादसा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आठवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, प्रेमी हिरासत में; शराब पार्टी के बाद हुआ हादसा!

 

इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में शनिवार को एक 23 वर्षीय युवती की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के समय युवती अपने प्रेमी के साथ किराए के फ्लैट में थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई।

      पुलिस के मुताबिक, मृतका अंजलि मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली थी। वह नोएडा में पति और ढाई साल के बेटे के साथ रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान मेरठ निवासी अजय से हुई। दोनों करीब एक सप्ताह पहले इंदौर आए थे और पीथमपुर में नौकरी करने की बात कहकर पलाश परिसर में किराए से रहने लगे थे।

 पति की पोस्ट से तनाव में होने का दावा

पूछताछ में अजय ने बताया कि पति द्वारा बेटे के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और भावुक वीडियो साझा किए जाने से अंजलि तनाव में थी। उसके अनुसार, शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक दोनों ने शराब पी थी। शनिवार दोपहर अंजलि रोते हुए पीछे की बालकनी में गई और नीचे गिर गई।

    घायल युवती को पहले महू के अस्पताल और फिर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। तेजाजी नगर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम और जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

खबरें और भी हैं...