कान्हा टाइगर रिजर्व से सटे गांव की घटना; वन विभाग और पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई
बैहर। कान्हा टाइगर रिजर्व से सटे कुमादेही-पर्रापुर गांव में बाघ के हमले से दहशत फैल गई। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बाघ घर में घुस गया और सो रही 50 वर्षीय शगुन बाई पर हमला कर उन्हें बाहर खींच ले गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार,रात करीब एक बजे शगुन बाई अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान बाघ घर के भीतर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों की आहट और शोर सुनकर बाघ महिला को छोड़ जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल बैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया,लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ इलाके में गश्त बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
मृतका के बेटे श्याम सिंह ने बताया कि घटना के बाद परिवार सदमे में है। वहीं जनपद अध्यक्ष सम्मल सिंह धुर्वे ने कहा कि क्षेत्र में बाघ की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने, गांव में लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
लगातार हो रही वन्यजीवों की आवाजाही ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फ़ोटो एआई