← वापस
इंदौर

आधी रात मंदिर के ताले तोड़ने की कोशिश, फिर साइकिल पर हाथ साफ करने पहुंचा चोर  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आधी रात मंदिर के ताले तोड़ने की कोशिश, फिर साइकिल पर हाथ साफ करने पहुंचा चोर

 

ढाई बजे कुत्तों के भौंकने से जागे रहवासी; गैलरी से आवाज लगाई तो भाग निकला संदिग्ध, रहवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की

इंदौर। समाजवादी इंदिरा नगर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक संदिग्ध युवक ने पहले रोड़ नं 17 गणेश मंदिर के ताले तोड़ने की कोशिश की और असफल होने के बाद साइकिल चोरी करने का प्रयास किया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। लगातार कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर कुछ रहवासियों की नींद खुली। उन्होंने घर की गैलरी से बाहर देखा तो एक युवक मंदिर के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता नजर आया।

      पहले मंदिर,फिर साइकिल पर नजर

रहवासियों के अनुसार संदिग्ध ने पहले गणेश मंदिर के ताले खोलने या तोड़ने का प्रयास किया। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा इलाके में आया और साइकिल चोरी करने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान एक रहवासी ने गैलरी से जोर से आवाज लगाई। आवाज सुनते ही युवक मौके से भाग निकला।

      लाल टोपी और काला ट्रैकसूट पहने था

रहवासियों ने बताया कि संदिग्ध ने लाल रंग की टोपी और काले रंग का स्पोर्ट्स ट्रैकसूट पहना हुआ था। उसके एक हाथ में सफेद रंग की थैली भी थी, जिसमें कुछ सामान रखा हुआ दिखाई दे रहा था। रहवासी के आवाज लगाने के बाद वह तेजी से वहां से निकल गया।

         पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और देर रात बिना वजह घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाए। रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही भी रहती है,जिससे चोरी और अन्य अपराधों की आशंका बनी रहती है।

   रहवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है,ताकि किसी बड़ी वारदात से पहले ही अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।

खबरें और भी हैं...