← वापस
धार

आधी रात शराब कारोबारी के घर हमला: 3 बदमाश गिरफ्तार, तोड़फोड़ में इस्तेमाल 2 गाड़ियां जब्त

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आधी रात शराब कारोबारी के घर हमला: 3 बदमाश गिरफ्तार, तोड़फोड़ में इस्तेमाल 2 गाड़ियां जब्त

मुख्य आरोपी विशाल अब भी फरार, पुलिस बोली- जल्द होगा पूरा गिरोह बेनकाब

धार। शहर में शराब व्यवसायी के घर आधी रात को पथराव, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी जब्त कर ली हैं। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी विशाल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 11 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे की है। कैलाश नगर निवासी एक लाइसेंसी शराब व्यवसायी के घर 6 से 7 बदमाश दो वाहनों में सवार होकर पहुंचे और अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमलावरों ने मकान की खिड़कियों के कांच तोड़ दिए तथा बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर और महिंद्रा थार में भी जमकर तोड़फोड़ की। वारदात के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने कुंदन मालवीय (25), निवासी लेबड़, गौरव परमार (21) और जितेंद्र बलूंदा (23), दोनों निवासी बगदून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मारुति ईको (MP11 ZH 9203) तथा एक अन्य वाहन (MP09 DZ 6105) भी जब्त कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी विशाल सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद हमले के पीछे की वजह और पूरे गिरोह की भूमिका का खुलासा होने की उम्मीद है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान, एएसआई सुनील कुशवाह, प्रधान आरक्षक अरविंद चौहान तथा आरक्षक रामनरेश यादव, राममूर्ति रावत और प्रवीण कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबरें और भी हैं...