← वापस
इंदौर

आधी रात दादा के घर पहुंची पोती, सोते हुए क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
आधी रात दादा के घर पहुंची पोती, सोते हुए क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या

 

माता-पिता से विवाद के बाद महालक्ष्मी नगर से स्कीम-155 पहुंची; 7-8 साल पुरानी घटना को लेकर थी नाराज, पुलिस ने हिरासत में लिया

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पोती ने कथित तौर पर अपने दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, युवती पहले से दादा से नाराज थी और करीब सात-आठ साल पुरानी घटना को लेकर उसके मन में गुस्सा था।

वारदात देर रात करीब सवा दो बजे स्कीम नंबर 155 में हुई। मृतक अपनी पत्नी के साथ यहां रहते थे, जबकि उनकी पोती महालक्ष्मी नगर में माता-पिता के साथ रहती है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, रात में युवती बुलेट से दादा के घर पहुंची। उस समय दादा-दादी घर में सो रहे थे।

आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद युवती ने सो रहे दादा पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ वार किए। शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

      पहले माता-पिता से हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले महालक्ष्मी नगर में युवती का अपने माता-पिता से भी विवाद हुआ था। इसके बाद वह गुस्से में सीधे दादा के घर पहुंची। पूछताछ में युवती ने दादा पर करीब सात-आठ साल पहले गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस अब इस पुराने घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।

डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...