डीसीपी राजेश त्रिपाठी की आवाज में गीत, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने किया लोकार्पण; शहरभर में स्क्रीन और जागरूकता रथों पर होगा प्रसारण
इंदौर। इंदौर पुलिस के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को अब गीत और शॉर्ट फिल्म के जरिए नई पहचान मिलेगी। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने नशा विरोधी जागरूकता गीत और शॉर्ट फिल्म का लोकार्पण किया। इस अवसर पर डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी की आवाज में रिकॉर्ड किया गया गीत "भैया, नशे से दूरी है ज़रूरी... जीवन की हर खुशियां हैं ज़रूरी" भी जारी किया गया,जो युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देता है।
अभियान के तहत तैयार शॉर्ट फिल्म में दिखाया गया है कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। इन वीडियो का प्रसारण इंदौर पुलिस के जनजागरूकता रथों,सार्वजनिक स्थलों और शहर की प्रमुख एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने नागरिकों से नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना क्राइम वॉच हेल्पलाइन 7019108283 पर देने की अपील की। साथ ही अभियान के तहत पेंटिंग, रंगोली, स्लोगन,कविता, निबंध और ओपन माइक जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को भी नशामुक्त समाज के निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया।