इंदौर। रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब आरक्षण काउंटर से टिकट खरीदने वाले यात्री भी रेल यात्रा बीमा का लाभ ले सकेंगे। भारतीय रेलवे 27 अक्टूबर 2026 से इस वैकल्पिक बीमा योजना का विस्तार पूरे नेटवर्क में करने जा रहा है। अब तक यह सुविधा आईआरसीटीसी से ई-टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध थी।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, बीमा पूरी तरह वैकल्पिक होगा। इसके लिए प्रति यात्री सभी करों सहित मात्र 45 पैसे प्रीमियम देना होगा। सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्री को मोबाइल नंबर देना और टिकट किराये सहित प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। योजना भारतीय नागरिकों के लिए है। बुकिंग के समय कन्फर्म, आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले पात्र यात्री इसका विकल्प चुन सकेंगे।
हादसे में 10 लाख तक का सुरक्षा कवच
योजना के तहत रेल दुर्घटना या निर्धारित अप्रिय घटना में मृत्यु अथवा स्थायी पूर्ण दिव्यांगता पर 10 लाख रुपए, स्थायी आंशिक दिव्यांगता पर 7.50 लाख रुपए तक और अस्पताल में भर्ती होकर उपचार कराने पर 2 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए 10 हजार रुपए का लाभ भी प्रावधानों के अधीन दिया जाएगा।
एक ही पीएनआर पर बुक सभी पात्र यात्रियों को बीमा विकल्प चुनने पर कवर मिलेगा। पांच वर्ष से कम आयु के बिना बर्थ या सीट वाले बच्चे इसके दायरे में नहीं होंगे, जबकि पांच से 11 वर्ष के बच्चे बर्थ के साथ या बिना बर्थ के पात्र होंगे। बीमा का लाभ पॉलिसी की शर्तों के अनुसार मिलेगा।