इंदौर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन के संचालन में विस्तार किया है। अब ट्रेन सप्ताह में पांच दिन चलेगी। मंडल कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार गाड़ी संख्या 52965/66 पातालपानी-कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन का नया संचालन आज 29 सितंबर से प्रभावी हो गया है।
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन मंगलवार,बुधवार, शुक्रवार,शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन अपने वर्तमान समय-सारणी के अनुसार ही चलेगी। इससे इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से पातालपानी व कालाकुंड की प्राकृतिक सुंदरता देखने पहुंचने वाले पर्यटकों को सप्ताह में अधिक दिनों तक हेरिटेज ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।
निर्धारित समय के अनुसार गाड़ी संख्या 52965 पातालपानी से सुबह 11.05 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 52966 कालाकुंड से दोपहर 3.34 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
मुख्यालय से मिली अनुमति के बाद रतलाम मंडल ने संबंधित सभी अधिकारियों, स्टेशनों और परिचालन विभागों को आदेश जारी कर दिए हैं। रेलवे ने व्यवस्था के व्यापक प्रचार और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।