← वापस
इंदौर

अगस्त रैंकिंग से खुली 32 थानों की पोल खुली, चंदन नगर नंबर-1, सराफा फिसड्डी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
अगस्त रैंकिंग से खुली 32 थानों की पोल खुली, चंदन नगर नंबर-1, सराफा फिसड्डी

 

इंदौर। शहर में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने और पुलिसिया कामकाज को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी तथा जनता के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक अनूठी पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर लागू की गई इस मानकीकृत मूल्यांकन प्रणाली के तहत हर महीने शहर के सभी थानों की परफॉर्मेंस को परखा जा रहा है।

    इसी कड़ी में अगस्त महीने के कामकाज के आधार पर बनाई गई कमेटी ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी है, जिसने शहर के पुलिस हलके में बड़ी सुगबुगाहट पैदा कर दी है। इस समीक्षा रिपोर्ट में इंदौर कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले सभी 32 थानों के काम को कड़े मापदंडों पर नापा गया। जनता की संतुष्टि, अपराध नियंत्रण, कार्य निष्पादन और आम लोगों की भलाई के लिए किए गए नए प्रयोगों जैसे कई मानकों को ध्यान में रखते हुए यह सूची तैयार की गई है। इस मूल्यांकन में ज़ोन-4 का चंदन नगर थाना अपनी बेहतरीन कार्यशैली के दम पर पूरे शहर में पहले पायदान पर कब्जा जमाने में सफल रहा। वहीं ज़ोन-2 का लसूड़िया थाना दूसरे स्थान पर और इसी ज़ोन का खजराना थाना तीसरे स्थान पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा।

      दूसरी तरफ, कुछ थानों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। निर्धारित मानकों पर सबसे कमजोर और औसत दर्जे की कार्यवाही के कारण ज़ोन-4 का सराफा थाना सूची में सबसे निचले यानी अंतिम पायदान पर पहुंच गया है। शहर के मध्य में स्थित सराफा थाने का पिछड़ना पुलिस महकमे के लिए एक चिंता का विषय बना हुआ है। इस रिपोर्ट कार्ड का असर अब पुलिसकर्मियों के करियर और पोस्टिंग पर भी सीधा देखने को मिलेगा। शीर्ष स्थान पाने वाले चंदन नगर थाने के प्रभारी और उनके पूरे स्टाफ को इस शानदार काम के लिए सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। 

   इसके विपरीत, फिसड्डी साबित हुए सराफा थाने के प्रभारी और वहां के अमले की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर किसी स्तर पर जानबूझकर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक एक्शन लिया जाएगा। कमिश्नरेट का कहना है कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने का यह अभियान आने वाले समय में भी इसी तरह जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...