← वापस
धार

अल्प वर्षा से जल संकट की आहट, धार में बनेगी विभागवार कार्ययोजना!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
अल्प वर्षा से जल संकट की आहट, धार में बनेगी विभागवार कार्ययोजना!

 

सावित्री ठाकुर ने कहा- बैठक में समीक्षा तक सीमित न रहें अधिकारी, किसानों को सिंचाई के लिए पानी-बिजली और गांवों में पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता

धार। कम बारिश से खेती-किसानी और पेयजल व्यवस्था पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री और धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संकट से निपटने के लिए विभाग आपसी तालमेल से ठोस कार्ययोजना बनाएं। हर समस्या के समाधान की जिम्मेदारी तय करने के साथ काम पूरा करने की समयसीमा भी निर्धारित की जाए।

बुधवार को जिला पंचायत सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि अल्प वर्षा के कारण किसानों को सिंचाई, कृषि कार्यों के लिए बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में समय रहते जरूरतों का आकलन कर प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

सिंचाई, बिजली और पेयजल पर फोकस

बैठक में कृषि, विद्युत, जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को अपने क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और जरूरतों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल संकट वाले गांवों की पहचान कर प्राथमिकता से समाधान करने को कहा गया। तालाबों के संरक्षण, जल स्रोतों के बेहतर उपयोग और नहरों के रखरखाव पर भी जोर दिया गया।

अल्प वर्षा से जल संकट की आहट, धार में बनेगी विभागवार कार्ययोजना!

  - 2

जिम्मेदारी तय कर होगी निगरानी

सावित्री ठाकुर ने कहा कि अधिकारी केवल बैठक में जानकारी देने के बजाय मैदानी स्तर पर काम करें। समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो और नियमित निगरानी रखी जाए। बैठक में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, सीईओ अखिलेश जैन सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...