अमझेरा। अमझेरा मुक्तिधाम के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल यादव की पहल पर धार कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने मुक्तिधाम के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से सीसी रोड निर्माण, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सरपंच प्रतिनिधि शिवा मकवाना ने बताया कि पंचायत ने मुक्तिधाम में बेहतर व्यवस्थाओं की आवश्यकता को देखते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल यादव के माध्यम से जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव रखा था। उन्होंने इस मांग को गंभीरता से उठाया, जिसके बाद प्रशासन ने राशि स्वीकृत कर दी।
स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम परिसर में सीसी रोड, सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था, स्नान सुविधा सहित अन्य आधारभूत कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मुक्तिधाम का परिसर अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बन सकेगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कमल यादव के प्रयासों से अमझेरा मुक्तिधाम में शोक सभा भवन, बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार, पुलिया, ट्यूबवेल और मोटर पंप जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। अब 10 लाख रुपये की नई स्वीकृति से मुक्तिधाम के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने मुक्तिधाम के विकास के लिए राशि स्वीकृत करने पर जिला प्रशासन तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।