पोस्टर-बैनर और भगवान वराह के कटआउट हटाने पर संगठन नाराज; पीजी कॉलेज से विजय मंदिर तक मार्च निकालने पर अड़ा सनातन प्रहरी दल
धार। 15 सितंबर को प्रस्तावित वराह मार्च को लेकर धार में प्रशासन और सनातन प्रहरी दल आमने-सामने हैं। प्रशासन ने मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद शहर में लगाए गए मार्च के पोस्टर-बैनर और भगवान वराह के कटआउट हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आयोजन को लेकर किसी भ्रम में न रहें और प्रस्तावित मार्च में शामिल न हों।
वहीं अनुमति नहीं मिलने के बावजूद सनातन प्रहरी दल ने मार्च निकालने का ऐलान किया है। संगठन ने प्रेस वार्ता में कहा कि 15 सितंबर को दोपहर 2 बजे पीजी कॉलेज से विजय मंदिर तक वराह मार्च निकाला जाएगा। संगठन प्रतिनिधि अंशुल शर्मा ने कहा कि प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संगठन अपने निर्णय पर कायम है।
कटआउट हटाने पर भी विरोध
शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों से भगवान वराह के कटआउट, पोस्टर और बैनर हटाए जाने पर संगठन ने नाराजगी जताई। दल का कहना है कि मार्च का उद्देश्य किसी विवाद को जन्म देना नहीं, बल्कि लोगों को भगवान वराह के दर्शन कराना है। संगठन के अनुसार मार्च की तैयारियां पहले से चल रही थीं और प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टर-बैनर हटाने की कार्रवाई पर आपत्ति है।
प्रशासन बोला- अनुमति नहीं, लोग शामिल न हों
दूसरी ओर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित मार्च को अनुमति नहीं दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी अफवाह या भ्रम में आकर आयोजन में शामिल न हों। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखेगा।
15 सितंबर को बढ़ेगी प्रशासन की चुनौती
अब निगाहें 15 सितंबर पर हैं। यदि संगठन अपने ऐलान के मुताबिक मार्च निकालने की कोशिश करता है तो प्रशासन की अगली कार्रवाई क्या होगी, यह बड़ा सवाल है। पीजी कॉलेज से विजय मंदिर तक प्रस्तावित मार्ग और शहर के प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क रहेगा। अनुमति और ऐलान के बीच टकराव की स्थिति ने 15 सितंबर को धार के लिए अहम बना दिया है।