← वापस
इंदौर

अनंत चतुर्दशी 2026 पर विशेष नयनाभिराम झांकियों का कारवां   

मदन परमालिया नेताजी सुभाष मंच
मदन परमालिया नेताजी सुभाष मंच
अनंत चतुर्दशी 2026 पर विशेष

नयनाभिराम झांकियों का कारवां 

 

भारतीय संस्कृति में लोकनेता लोकमान्य तिलक ने गणेशजी की भक्ति और शक्ति के संयोग से स्वराज्य के विचारशील सिपाही बनाने का संकल्प लिया। सन् 1893-94 में लोकमान्य तिलक ने गणोशोत्सव और शिवाजी उत्सव को सार्वजनिकता प्रदान की। इसी प्रभाव से इन्दौर में भी गणोशोत्सव सन् 1896 से शुभारंभ हुआ। कृष्णपुरा पुल के पश्चिमी किनारे पर बनी राजाओं की छत्री के आखरी छोर पर भगवान दत्तात्रय का प्राचीन मंदिर है। उस जमाने में नदी में लबालब जल भरा होता था। घाट की साफ सीढ़ियों पर पढ़े-लिखे लोग, प्रकृति प्रेमी और धर्म प्रेमी जनसमूह एकत्र होते थे। इन्हीं समूहों में होल्कर कॉलेज के देशभक्त प्रोफेसर व विद्यार्थियों का भी एक समूह था। अन्य विद्यार्थी भी आते थे। इस समूह ने दत्त समाज, ज्ञान प्रसारक मंडल आदि के नाम से इन्दौर में भी गणेशोत्सव को राष्ट्रीयता में सराबोर कर दिया। गणोशोत्सव के इन सूत्रधारों में उस जमाने के इन्दौर के क्रांतिकारी नेताभाई कोतवाल, पुरूषोत्तम खांडेकर, आवास खरे, बाबू भैया नेवासकर तथा विनायक सीताराम सरवटे आदि थे। कृष्णपुरा दत्त मंदिर के प्रांगण में तथा ज्ञान प्रसारक मंडल के वाचनालय के पास दामुअण्णा होटल में भजन, राष्ट्रीय गीत, व्याख्यान होते थे। सन् 1905 में लार्ड कर्जन द्वारा हिन्दू-मुसलमानों में स्थाई फूट का बीजारोपण किया गया, बंगाल का विभाजन करके। लार्ड कर्जन की इस नीति का देश व्यापी विरोध हुआ। इन्दौर भी इस विरोध में शामिल रहा। सन् 1908 का गणेशोत्सव सारे शहर में सनसनी पैदा करने वाला सिद्ध हुआ। लोकमान्य तिलक पर चल रहे मुकदमें का 31 जून 1908 को फैसला हुआ। उन्हें 6 वर्ष की कालेपानी की सजा सुनाई गई। जनता में इसका सर्वत्र विरोध हुआ। इसलिए इन्दौर में मनाया गया सन् 1908 का गणेशोत्सव सबसे बड़ा राज्यद्रोह माना गया।

 रिजेंसी कौंसिल के कठोर कानून और दमन के कारण 2 वर्षो तक गणेशोत्सव मनाया ही नही जा सका। सन् 1911 में वाइसराय ने रिजेंसी कौंसिल को समाप्त कर दिया और महाराजा तुकोजीराव होलकर को सभी राज्याधिकार लौटा दिए। 1922 के बाद गणेशोत्सव अलग-अलग मोहल्लों में मनाया जाने लगा। इन्दौर के गणेशोत्सव में शास्त्रीयता स्व. माधवराव कुटाल ने बताया था कि, कुंवर मंडली स्थित बाड़े में गणेशोत्सव में संगीत सम्राट उस्ताद रज्जब अली खां, धु्रपद गायक केशवराव आपटे व रामू भैया का शास्त्रीय संगीत गूंजता था।

गणेशोत्सव की सार्वजनिकता का शहरी माहौल इन्दौर की कपड़ा मिलों में भी निर्मित हुआ। मिल मजदूरों ने स्वयं के चंदे से गणेश स्थापना और जुलूस की शुरूआत की। मिलों में भी कई कार्यक्रम होते थे, परंतु मजदूरों को सबसे ज्यादा अच्छा कार्यक्रम लगता था राम दंगल का। जिसमें सीधे सरल शब्दों में राष्ट्रीय नेताओं की महानता, अंग्रेजी की क्रूरता और शहीदों की प्रशंसा में गीत गाये जाते थे। सन् 1942 से 1946 तक भारत छोड़ों आंदोलन में इन्दौर प्रजा मंडल व कांग्रेस के सभी नेता जेलों में बंद थे। तब इन राम दंगल के गीतों ने ही इन्दौर में राष्ट्रीय चेतना जगाई रखी।

 सन् 1924 में हुकुमचंद मिल के मैनेजर स्व. पंत वैद्य ने सक्रिय भाग लेकर पहली बार विसर्जन जुलूस निकाला। इस जुलूस में 4 गैसबत्ती, 2 बैंडवाले तथा 2 बग्गियां (विक्टोरिया) थी। शंख-घड़ियाल, मजीरे-ढ़ोलक बजाते मजदूर चल रहे थे। अब तो इन्दौर की कपड़ा मीलों से निकलने वाले गणेश विसर्जन जुलूस नयनाभिराम विद्युत चलित झांकियों के कारण देशभर में प्रसिद्ध हैं।

 1935 का एक्ट पास जाने और प्रांतों में चुनी हुई सरकार बनाने की घोषणा के बाद 11 प्रांतों में कांग्रेसी सरकारें स्थापित होने से गणेशोत्सव धूमधाम से मनाए गए। सन् 1939 में द्वितीय महायुद्ध शुरू हो जाने के कारण कानून की कठोरता में गणेशोत्सव भी सिमट गया। सन् 1945 में युद्ध बंद होने व 1 सितंबर 1946 को देश में अंतरिम सरकार स्थापित होने की खुशियों ने गणेशोत्सव की संख्या में खूब वृद्धि कर दी। आजादी के बाद तो गणेशोत्सव की लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही। 

 पिछले 50 वर्षो से इन्दौर के गणेश विसर्जन की झाकियां तो अपना गौरव देशभर में बढ़ा रही हैं।

 सन् 1915 से 1925 तक इन्दौर शहर में गणेशोत्सव का क्षेत्र तोपखाना, जेलरोड़, जेलरोड़ की हर गली, लोधी मोहल्ला, काछी मोहल्ला, गणेश मंडल और जगन्नाथ विद्यालय, सिख मोहल्ला में बढ़ते-बढ़ते गणेश मंडल स्नेहलतागंज, जगन्नाथ छात्रालय तक सांस्कृतिक प्रतिभा और कला-प्रदर्शन की प्रयोगशाला बना रहा। उत्सवों में लावनी पोवाड़े, नाट्य संगीत और व्याख्यानों के माध्यम से जन-जागृति की मशाल जलती रही। इसके बाद सन् 1924-25 में ऋद्धि-सिद्धि के साथ बुद्धि के देवता भगवान श्री गणेश का पदार्पण श्रमिक बस्तियों और कपड़ा मिलों में हुआ।

 सन् 1925-26 में हुकुमचंद मिल के कर्मचारी जेलरोड़ वासी मोरेश्वर (मौरू भैया) पुराणिक ने मिल के अहाते में ही मिल मजदूरों के स्वेच्छिक सहयोग से गणेशोत्सव का श्रीगणेश किया। 20-25 श्रद्धालु श्रमिकों ने पूर्ण आस्था से गणेश प्रतिमा झांझ, मंजीरों की ध्वनि के साथ लाकर स्थापित की गई। कोई विशेष कार्यक्रम नहीं होता परंतु मिल के श्रमिक मध्यांतर में गणेश प्रतिमा के पास एकत्र होते है। मौरू भैया पुराणिक उन्हें शहर के जेलरोड़, रामबाग, सुनारवाड़ा, गणेश मण्डल आदि में होने वाले कार्यक्रमों की रोचक जानकारियां देते। उस जमाने में मिल के अधिकारी श्री पंत वैद्य ने उत्सव को भजन-कीर्तन से जोड़ा। उन्हीं की प्रेरणा से सन् 1927 में हुकुमचंद मिल के समाजसेवी श्रमिकों ने ‘‘श्रीगणेश विसर्जन जुलूस‘‘ का बीजारोपण किया। यही विशाल वटवृक्ष के समान कपड़ा मिलों से निकलने वाली झांकियों के रूप में हम सब वर्षो से अनंत चतुर्दशी पर देखते हैं। मिलें बंद होने से जुलूस की चमक फीकी पड़ गई। पिछले 2-3 वर्षो से नगर निगम विकास प्राधिकरण, वन विभाग अन्य विभाग भी झांकियां निकाल रहे हैं। 

गणेश विसर्जन का पहला जुलूस

 सन् 1926-27 में हुकुमचंद मिल ने ही सौभाग्य प्राप्त किया है - श्री गणेश विसर्जन जुलूस निकालने का। मिलों का पहला जुलूस दिन को तीन बजे हुकुमचंद मिल गेट से मैनेजर श्री पंत वैद्य के सहयोग से निकला था। मिल के श्रमिक भी शंख, घंटाल, झाँझ, मजीरे,करताल लेकर जुलूस में शामिल हो गए। लगभग 400 श्रद्धालु श्रमिकों ने भक्ति भाव से चल रहे इस जुलूस में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा ‘बग्घी‘ में विराजमान की थी। 

 उस जमाने में कृष्णपुरा नदी स्वच्छतम जल से लबालब भरी थी। कान्ह और सरस्वती नदी के संगम स्थल पर गणेश विर्सजन सम्पन्न हुआ था।

 इन्दौर शहर का श्रीगणेश विसर्जन जुलूस सारे देश में अपने ढ़ंग का अनोखा जुलूस रहा है। मुंबई और पुणे में भगवान गणेश की विशाल मूर्तियों का विसर्जन निकलता हैं। इन्दौर की कपड़ा मिलों द्वारा निकाली जाने वाली चलित झांकियां देशभर में अद्वितीय रही हैं। इन्दौर निवासियों के जितने भी नाते-रिश्तेदार, बाहर शहर-गांव में रहते हैं उन सबको झांकियों की शोभा यात्रा देखने इन्दौर अवश्य आने का आग्रह किया जाता था। 

 इन्दौर तथा दूर-दूर के लाखों नर-नारी पिछले वर्षो मिलों में श्रीगणेश विसर्जन की विराट शोभायात्रा (जुलूस) की अनुपम, अद्भुत दृश्यावली को साक्षात निहारने के लिए खुशी-खुशी सारी रात बिताते रहे हैं। भारतीय स्वतंत्रता प्राप्ति के ‘गौरव पर्व‘ की अमर कीर्ति के रूप में इन्दौर की आन-बान-शान और पहचान में बेजोड़ मजदूरों की ओर से भेंट की गई यह सांस्कृतिक धरोहर हैं। यह परम्परा समाप्त न होने पाए। श्रमिकों ने मील बंदी के बाद भी इन नयनाभिराम झांकियों द्वारा भारतीय धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक महानताओं के साथ राष्ट्र में व्याप्त अनाचार, भ्रष्टाचार, सहित अनेक धार्मिक, ऐतिहासिक प्रसंगों को झांकियों में दर्शाया जाता है। 

 राय बहादुर सेठ कन्हैयालाल भंडारी मिल प्रबंधकों व कर्मचारियों ने पहली बार सन् 1928 में बैंड-बाजों के साथ जुलूस निकाला। अखाडे़ की लेझिंम पार्टी भी थी और भजन मंडलियां भी जुलूस में थी। सन् 1927-28 में सेठ राजकुमार मिल के द्वारा श्रीगणेशोत्सव में विसर्जन जुलूस की श्रीगणेश प्रतिमा को कुछ विद्युत बल्बों से जगमगाया गया। मिल मैनेजर स्व. श्री अय्यर ने उत्सव को प्रगति पथ पर अग्रसर किया। झांकी सम्राट श्री मिश्रीलाल वर्मा ने राजकुमार मिल ने सन् 1943 में 5 फीट लंबे चूहे पर मिल की श्रीगणेश प्रतिमा की प्रभावशाली झांकी निकाली थी, जिसमें चूहे की बड़ी-बड़ी लाल आंखें चमकती थी। आजादी के बाद सन् 1948 में श्रमिक नेता व्ही.व्ही. द्रविड़ रामसिंह वर्मा और गंगाराम तिवारी का इंटक द्वारा मजदूरों में वर्चस्व बढ़ रहा था। इन्होंने मजदूरों में उत्पन्न इस कलात्मक सांस्कृतिक विकास के प्रयत्न किये। नई-नई कल्पनाओं और भावनाओं से ओत-प्रोत वैचारिकता झांकी में लाई गई। 

अनंत चतुर्दशी 2026 पर विशेष

नयनाभिराम झांकियों का कारवां 

  - 2

सन् 2000-01 से झांकियों में हाईड्रोलिक मशीन का उपयोग भी किया गया। वर्तमान में चलित झांकियों में बहुत ज्यादा परिवर्तन आया है और अब सुसज्जित सर्वसुविधायुक्त झांकियों का निर्माण होने लगा है। जिसमें नये-नये रूप में झांकियों को प्रदर्शित किया जाने लगा। 

इस परम्परा को मीलों की गणेश उत्सव समितियां, मध्यप्रदेश सरकार, नगर निगम, विकास प्राधिकरण सहित शहर की अनेक संस्थाओं और गणमान्य लोगों ने भी आर्थिक एवं अन्य सहयोग प्रदान कर संरक्षित किया है।

खबरें और भी हैं...