कलेक्टर ने तीन स्थानीय अवकाश पहले ही घोषित किए; पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने परंपरा के तहत छुट्टी की मांग की
इंदौर। अनंत चतुर्दशी पर रातभर झांकियों का कारवां देखने के बाद अगले दिन मिलने वाली छुट्टी इस बार नहीं होगी। कलेक्टर ने अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित नहीं किया है। इसके चलते शासकीय कार्यालयों में नियमित कामकाज होगा, वहीं स्कूल भी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगे। हालांकि कई स्कूलों ने बच्चों की सुविधा को देखते हुए अपने स्तर पर अलग-अलग निर्णय लिए हैं।
दरअसल, इंदौर में वर्षों से अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश रखने की परंपरा रही है। झांकियां देर रात से लेकर सुबह तक निकलती हैं और बड़ी संख्या में शहरवासी इन्हें देखने पहुंचते हैं। ऐसे में अगले दिन अवकाश से लोगों को राहत मिलती थी। इस बार स्थानीय अवकाश नहीं होने से अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामने अलग स्थिति है।
तीन स्थानीय अवकाश पहले ही घोषित
कलेक्टर को शिक्षा सत्र में तीन दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार है। इस वर्ष 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 21 अक्टूबर को दशहरे के दूसरे दिन और 11 नवंबर को भाईदूज पर स्थानीय अवकाश घोषित किया जा चुका है। इसी कारण अनंत चतुर्दशी के अगले दिन अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
स्कूलों में अलग-अलग व्यवस्था
स्थानीय अवकाश को लेकर असमंजस के बीच कुछ सीबीएसई स्कूलों ने पीटीएम रखी है, तो कुछ में अर्धवार्षिक परीक्षाएं निर्धारित हैं। कुछ स्कूलों ने परीक्षा के बीच एक दिन का अंतर रखा है। कुछ स्कूलों ने अपने स्तर पर अवकाश भी घोषित किया है।

आकाश विजयवर्गीय ने लिखा पत्र
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कलेक्टर को पत्र लिखकर परंपरा के अनुसार अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। उन्होंने आमजन की सुविधा और शहर की वर्षों पुरानी परंपरा का हवाला दिया है।