← वापस
इंदौर

अपडेट"  नगर निगम के एआरओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: 80 लाख की आय, 4.60 करोड़ का खर्च!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
अपडेट" 

नगर निगम के एआरओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: 80 लाख की आय, 4.60 करोड़ का खर्च!
अपडेट" 

नगर निगम के एआरओ के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: 80 लाख की आय, 4.60 करोड़ का खर्च!
1 / 2

पत्नी के नाम दो बहुमंजिला इमारतें, सोना-चांदी, जमीन और हॉस्टल मिला; अब तक 4.60 करोड़ का अनुपातहीन व्यय, आय से 474.84% अधिक संपत्ति का खुलासा

इंदौर। नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) जितेंद्र कुमार पांडेय के ठिकानों पर शुक्रवार सुबह लोकायुक्त की छापेमार कार्रवाई में आय से कई गुना अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। तड़के करीब 6 बजे लोकायुक्त की दो टीमों ने उनके निवास और पत्नी भावना पांडेय के नाम से संचालित छात्रावास पर एक साथ दबिश दी। शुरुआती जांच में करीब 4.60 करोड़ रुपए का अनुपातहीन व्यय सामने आया है। लोकायुक्त के मुताबिक पांडेय की कुल आय करीब 80 लाख रुपए के मुकाबले अब तक 4,59,87,491 रुपए का अनुपातहीन व्यय पाया गया है। जांच में यह अनुपातहीन संपत्ति 474.84 प्रतिशत बताई गई है।

20 अफसरों की टीम ने एक साथ मारे छापे

डीएसपी सुनील तालान,डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में करीब 20 अधिकारियों की दो टीमों ने कार्रवाई की। टीमों ने मकान,हॉस्टल, दस्तावेज,बैंक खातों, आभूषण, नकदी और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

पत्नी के नाम दो इमारतें, एक में चलता है हॉस्टल

लोकायुक्त की शुरुआती जांच में पत्नी भावना पांडेय के नाम पर दो प्रमुख संपत्तियां सामने आई हैं। आनंद नगर एक्सटेंशन में 40×50 फीट के प्लॉट पर जी+3 भवन मिला है। इसके निर्माण पर करीब 1.20 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। वहीं गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में जी+2 भवन मिला है, जिसमें छात्रावास संचालित किया जा रहा है। इस भवन पर करीब 91.50 लाख रुपए खर्च बताए गए हैं।

घर में 60 लाख का सामान, 60 लाख के सोने के आभूषण

तलाशी में घर के सामान की इन्वेंट्री की कीमत करीब 60.23 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं 60.48 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण और करीब 4.07 लाख रुपए के रजत आभूषण भी मिले हैं। इसके अलावा 2.33 लाख रुपए नकद और बैंक खातों में करीब 7.32 लाख रुपए का बैलेंस मिला।

जमीन भी मिली, वाहनों की भी जांच

ग्राम मुंडला दोस्दार, तहसील बिचौली हप्सी में 1.279 हेक्टेयर कृषि भूमि की अनुमानित कीमत करीब 81.86 लाख रुपए बताई गई है। इसी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर 13,500 वर्गफीट कृषि भूमि भी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपए है। परिवार के सदस्यों के नाम वाहनों की खरीद पर भी लाखों रुपए खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 अब तक सामने आई संपत्ति और खर्च

लोकायुक्त की सर्च कार्रवाई में अब तक 4,59,87,491 रुपए का अनुपातहीन व्यय सामने आया है। इसमें भूमि व भवन निर्माण पर 1.20 करोड़, घरेलू सामान 60.23 लाख, सोना 60.48 लाख, चांदी 4.07 लाख, हॉस्टल निर्माण 91.50 लाख, कृषि भूमि करीब 1.13 करोड़, नकदी 2.33 लाख और बैंक बैलेंस 7.32 लाख रुपए शामिल हैं। छात्रावास के सामान की इन्वेंट्री भी 1.06 लाख रुपए की मिली है। लोकायुक्त के अनुसार 80 लाख रुपए की कुल आय की तुलना में अनुपातहीन संपत्ति 474.84% तक पाई गई है। अंतिम आंकड़ा दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगा।

31 साल की नौकरी, अब संपत्ति का पूरा हिसाब खंगालेगी टीम

लोकायुक्त के अनुसार पांडेय ने करीब 31 वर्ष की सरकारी सेवा में लगभग 80 लाख रुपए वेतन प्राप्त किया। इसके मुकाबले सामने आई संपत्तियों और खर्च का आंकड़ा कई गुना अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभी प्रारंभिक जांच है। जब्त दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्तियों का विस्तृत सत्यापन होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...