सरकार ने जारी किए आदेश, अनुराग जैन के नीति आयोग जाने के बाद बड़ा प्रशासनिक फैसला
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक वर्णवाल को प्रदेश का प्रभारी मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार वर्ष 1991 बैच के आईएएस अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को आगामी आदेश तक स्थानापन्न रूप से मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि पूर्णकालिक मुख्य सचिव दिल्ली से भेजा जा सकता है।
अशोक वर्णवाल वर्तमान में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ-साथ भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। लंबे प्रशासनिक अनुभव और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में कार्य करने के कारण उन्हें प्रदेश की सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। अनुराग जैन के नई दिल्ली जाने के बाद प्रदेश में नए प्रशासनिक मुखिया को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। अशोक वर्णवाल को प्रशासनिक कार्यों में दक्ष और अनुभवी अधिकारी माना जाता है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उनके कार्यकाल को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताया है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।

कौन हैं अशोक वर्णवाल?
1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी
वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग
भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग का भी प्रभार
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे थे
अब मध्यप्रदेश शासन के नए मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं।

मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
मध्यप्रदेश के निवृत्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन और नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रशासनिक दायित्वों के सुचारु हस्तांतरण सहित प्रदेश के विकास और सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए
शुभकामनाएं दीं।