इंदौर। साउथ तोड़ा में बुधवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से बहस के बाद एडिशनल डीसीपी के साथ धक्का-मुक्की कर दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए रावजी बाजार थाने भेज दिया।
नगर निगम का रिमूवल अमला रावला स्थित श्रीगौड़ विद्या मंदिर से जवाहर मार्ग की ओर जाने वाली सड़क के आसपास नाले के किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। कार्रवाई के दौरान निगम के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि उनके मकान और कारखानों को अचानक तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने अधिकारियों से मौके पर बातचीत कर कार्रवाई रोकने की मांग की। वहीं प्रशासन का कहना है कि संबंधित लोगों को कार्रवाई से करीब दो दिन पहले नोटिस दिए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
भीड़ लगातार बढ़ती देख पुलिस ने लोगों को कार्रवाई स्थल से पीछे हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर युवकों ने एडिशनल डीसीपी के साथ धक्का-मुक्की कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया और थाने भेज दिया।
पूरी कार्रवाई की निगरानी एसडीएम घनश्याम धनगर, तहसीलदार, राजस्व अधिकारियों और निगम के बीओ-बीआई सहित अन्य अधिकारियों ने की। पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। साथ ही धक्का-मुक्की और विरोध के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।