श्योपुर। जिले के खाड़ी श्यामपुर वन परिक्षेत्र की मोरेका बीट में बुधवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों के हमले से हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने वनकर्मियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद टीम में भगदड़ मच गई और कई कर्मचारी जान बचाकर मौके से भागे।
घटना में दो वनकर्मियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
रेंजर को भी कुछ देर बंधक बनाने का आरोप
बताया जा रहा है कि बुधवार 12 अगस्त को टीम मोरेका बीट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान विरोध कर रहे लोगों और वनकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने रेंजर को भी कुछ देर के लिए बंधक बना लिया। हालात बिगड़ने पर अन्य वनकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका भी जांच रही है। वहीं वन विभाग की टीम पर कार्रवाई के दौरान हुए हमले ने क्षेत्र में वन भूमि से जुड़े विवाद और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।