← वापस
धार

अतिक्रमण हटाया, निगरानी छोड़ी... जंगल पर फिर कब्जा; प्लांटेशन उजड़ा, सुरक्षा पोल भी उखाड़े  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
अतिक्रमण हटाया, निगरानी छोड़ी... जंगल पर फिर कब्जा; प्लांटेशन उजड़ा, सुरक्षा पोल भी उखाड़े

 

धार। वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर अब सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में विभाग ने वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा किया था,लेकिन धार वन मंडल की चाकल्या बीट के कक्ष क्रमांक-132 में दोबारा कब्जे की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि प्लांटेशन क्षेत्र में अतिक्रमण कर फसल बो दी गई, जबकि पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए पोल भी उखाड़ दिए गए। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं,जिनमें बड़ी संख्या में गिरे हुए पोल दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग कार्रवाई के बाद क्षेत्र की नियमित निगरानी नहीं करता,जिसका फायदा उठाकर दोबारा कब्जा कर लिया जाता है। उनका आरोप है कि संबंधित बीट क्षेत्र में लंबे समय तक निरीक्षण नहीं होता, जिससे अतिक्रमण और अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि नष्ट हुए पौधों के स्थान पर रिप्लेसमेंट पौधे नहीं लगाए गए और कई पौधे खुले में पड़े मिले।

ग्रामीणों के अनुसार कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच,दोबारा अतिक्रमण हटाने, प्लांटेशन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बीट गार्ड आकाश बड़ेरा ने बताया कि घटना 9 जुलाई की है और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।

इनका का कहना है:
"थाने में आवेदन दिया गया है। मुखबिर भी लगाए गए हैं। डिप्टी रेंजर को बीट गार्ड को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।"
सचिन सहदे रेंजर 
धार।

खबरें और भी हैं...