← वापस
मध्यप्रदेश

अवैध शराब पर सियासत गरम: भगवती मानव कल्याण संगठन ने आबकारी अधिकारी को हटाने की मांग, कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
अवैध शराब पर सियासत गरम: भगवती मानव कल्याण संगठन ने आबकारी अधिकारी को हटाने की मांग, कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

दमोह। जिले में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आबकारी अधिकारी रविन्द्र खरे को तत्काल पद से हटाने की मांग की। संगठन का आरोप है कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम जारी है, लेकिन आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में कहा कि उनके कार्यकर्ता लगातार अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराते हैं, इसके बावजूद शराब माफियाओं के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। उनका आरोप है कि विभाग की कथित निष्क्रियता के कारण अवैध शराब का कारोबार लगातार फैल रहा है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में आबकारी अधिकारी रविन्द्र खरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने तथा जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर में चरणबद्ध आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने संगठन के प्रतिनिधियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, आबकारी विभाग की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

खबरें और भी हैं...