धरमपुरी के पेट्रोल पंप के पास हादसा, पुलिस-आबकारी टीम जांच में जुटी; शराब से भरी पेटियां लोगों ने उठा लीं
धार। धार जिले के धरमपुरी में मंगलवार देर रात तेज बारिश के बीच अवैध शराब से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा तारापुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास अंधे मोड़ पर हुआ। कार पलटते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कार में भरी शराब की कई पेटियां लोग उठाकर ले गए, जिससे कुछ ही देर में लूट जैसे हालात बन गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तारापुर की ओर से धरमपुरी आ रही थी। बारिश और फिसलन के बीच चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान कार से करीब चार से पांच अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। इससे अवैध शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
आबकारी विभाग ने शराब की मात्रा का आकलन शुरू कर दिया है। पुलिस वाहन के पंजीयन, नंबर प्लेटों और तस्करों की पहचान के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।