← वापस
नई दिल्ली

बड़े नेताओं पर नकेल कसने वाले ईडी के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल 1 साल बढ़ा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बड़े नेताओं पर नकेल कसने वाले ईडी के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल 1 साल बढ़ा

 

नई दिल्ली। आबकारी मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे बड़े नेताओं पर कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल केंद्र सरकार ने 1 साल के लिए बढ़ा दिया है। 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी राहुल नवीन अब 13 अगस्त 2027 तक इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। 14 अगस्त 2024 को ईडी के पूर्णकालिक निदेशक बनाए गए राहुल नवीन का यह इस पद पर तीसरा साल होगा। केंद्र सरकार का यह कदम दिखाता है कि देश की इस सबसे बड़ी जांच एजेंसी के कामकाज पर सरकार का भरोसा बरकरार है।

इंटरनेशनल टैक्स मामलों की गहरी पकड़

    राहुल नवीन मूल रूप से बिहार राज्य के बेतिया जिले के रहने वाले हैं। पढ़ाई के मामले में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी कानपुर से बीटेक और एमटेक की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से एमबीए की पढ़ाई भी पूरी की। 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी के रूप में सेवा शुरू करने वाले राहुल नवीन को इंटरनेशनल टेक्सेशन का एक्सपर्ट माना जाता है।   

केजरीवाल और सिसोदिया समेत कई चर्चित जांचों की कमान

     आयकर विभाग में करीब 30 साल से अधिक समय तक अलग-अलग पदों पर काम करने के बाद अगस्त 2024 में उन्हें प्रवर्तन निदेशालय का फुल टाइम डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत कई चर्चित जांचों की कमान रही है। जांच के मामलों में बेहद सख्त और तेज-तर्रार कार्यशैली के लिए जाने जाने वाले राहुल नवीन के पास इस वक्त देश के कई सबसे चर्चित और हाई प्रोफाइल मामलों की कमान है। 

     उनके नेतृत्व में ईडी ने दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी जैसे कड़े कदम उठाए थे। फिलहाल इन सभी नेताओं से जुड़े मामले अदालत में चल रहे हैं और पूरी जांच प्रक्रिया की निगरानी खुद राहुल नवीन कर रहे हैं। कार्यकाल में मिले इस विस्तार के बाद वे इन सभी हाई-प्रोफाइल जांचों को आगे बढ़ाएंगे।

खबरें और भी हैं...