धार के शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को कोलंबो में ‘सीलोन क्राफ्ट वीक-2026’ का न्योता, 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दुनिया के सामने प्रदर्शित करेंगे पारंपरिक हस्तशिल्प
इंदौर। मध्यप्रदेश की विश्वप्रसिद्ध बाग प्रिंट कला अब श्रीलंका में अपनी छाप छोड़ने जा रही है। धार जिले के बाग के प्रसिद्ध शिल्पकार मोहम्मद आरिफ खत्री को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प व्यापार मेले ‘इंडो-श्रीलंका सीलोन क्राफ्ट वीक-2026’ में भागीदारी का आमंत्रण मिला है। 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले इस आयोजन में वे मध्यप्रदेश की पारंपरिक छपाई कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
प्राकृतिक रंग और पारंपरिक तकनीक होगी आकर्षण
बाग प्रिंट अपनी प्राकृतिक रंगाई, पारंपरिक तकनीक और विशिष्ट छपाई शैली के लिए देश-दुनिया में पहचान रखती है। पीढ़ियों से चली आ रही यह कला केवल कपड़ों पर छपाई तक सीमित नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और शिल्पकारों के हुनर की पहचान भी है। आरिफ खत्री की भागीदारी से इस कला को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने और पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों के लिए नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
भारत-श्रीलंका की कला और संस्कृति का संगम
इस अंतरराष्ट्रीय मेले का आयोजन श्रीलंका सरकार के उद्योग एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय शिल्प परिषद और कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग के स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य दोनों देशों के बीच पारंपरिक शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। मेले में केवल हस्तनिर्मित और हथकरघा उत्पादों को प्रदर्शित करने की अनुमति है।
बाग की मिट्टी से जुड़ी यह विशिष्ट कला अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी संभावनाएं तलाशेगी। आरिफ खत्री की भागीदारी धार सहित पूरे मध्यप्रदेश के पारंपरिक शिल्पकारों के लिए गौरव का अवसर है।