इंदौर। भगवान शिव पर मौलाना जर्जिस अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर शनिवार को इंदौर में माहौल गर्मा गया। बड़ी संख्या में हिंदू संगठन, कांवड़ यात्रा से जुड़े श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे चंदननगर थाने पहुंचे और मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक नारेबाजी और हंगामे के बीच पुलिस ने एहतियातन थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कथित बयान से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि किसी भी धर्म के आराध्य के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एसीपी शिवेंदु जोशी ने कहा, "हमें आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
पुलिस फिलहाल शिकायत और उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है।