जुमे की नमाज की व्यवस्था के विरोध में हिंदू समाज का आह्वान; प्रमुख बाजार बंद, संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात
धार। भोजशाला विवाद को लेकर हिंदू समाज के आह्वान पर मंगलवार को धार में आधे दिन का बंद रखा गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। इससे सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में चहल-पहल कम रही और शहर की कारोबारी रफ्तार थमी नजर आई। बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया।
हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता सुबह विभिन्न बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को समर्थन देने की अपील की। कई स्थानों पर दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जबकि कुछ जगह इक्का-दुक्का प्रतिष्ठान खुले दिखाई दिए। संगठनों ने कहा कि बंद किसी व्यापारी के विरोध में नहीं, बल्कि भोजशाला मामले में शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज की व्यवस्था के विरोध में है।
जरूरी सेवाओं को छूट: मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप सहित आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया। पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई। प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। हिंदू संगठनों की आपत्ति भोजशाला के पीछे खसरा नंबर 612 की जमीन पर नमाज की व्यवस्था को लेकर है।