इंदौर। वार्ड-49 के पूर्वी क्षेत्र में प्रस्तावित भूमिगत मेट्रो लाइन को लेकर रहवासियों का विरोध तेज हो गया है। तिलक नगर, साईनाथ कॉलोनी,गोयल नगर और पत्रकार कॉलोनी के रहवासियों ने बंगाली चौराहे स्थित मेट्रो कार्यालय के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि वे मेट्रो परियोजना के विरोधी नहीं हैं, लेकिन घनी आबादी के बीच से रूट निकालने के बजाय वैकल्पिक मार्ग पर विचार किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने टनल बोरिंग मशीन से होने वाली खुदाई को लेकर पानी और मकानों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उनका दावा है कि खुदाई से क्षेत्र के सैकड़ों बोरिंग प्रभावित होकर सूख सकते हैं। वहीं 50-60 साल पुराने मकानों की नींव कमजोर होने, दीवारों में दरारें आने और कंपन से नुकसान की आशंका भी जताई गई।
रहवासियों के मुताबिक 2 से 3 साल तक चलने वाले निर्माण के दौरान धूल,शोर और कंपन से बच्चों की पढ़ाई तथा बुजुर्गों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने परियोजना की करीब 3.3 किमी भूमिगत लाइन पर होने वाले लगभग 900 करोड़ रुपए के अतिरिक्त खर्च पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि एडीबी से लिया जाने वाला कर्ज अंततः जनता पर ही आर्थिक बोझ बनेगा।
वैकल्पिक रूट की मांग
रहवासियों ने सुझाव दिया कि मेट्रो को वर्ल्ड कप चौराहा, शिवाजी प्रतिमा, एमवाय अस्पताल होते हुए बस स्टैंड की ओर ले जाया जाए। प्रदर्शन में अमिताभ उपाध्याय, विपुल जैन, शैलेन्द्र जैन, मनोज दलाल, विकास मिश्रा, अंकित दुबे और राजीव जैन सहित कई लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने “वार्ड-49 बचाओ, भूमिगत मेट्रो हटाओ” के नारे लगाए और प्रशासन से रूट पर पुनर्विचार की मांग की।